Saturday, November 28

APK फाइल भेजकर बैंक खाते करते थे खाली, ठगी के पैसों से ऑनलाइन शॉपिंग का खुलासा

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों खंडोली डैम जाने वाले रास्ते के पास बैठकर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली डैम के पास दो युवक फोन के जरिए साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने मौके पर छापेमारी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने साइबर ठगी के तरीके का खुलासा किया। वे फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों के फोन पर APK फाइल भेजते थे। इसके बाद लोगों को अपने झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे। ठगी से मिली रकम का इस्तेमाल ऑनलाइन शॉपिंग करने में करते थे।

गिरफ्तार युवकों की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के साठीबाद गांव निवासी सोनू मंडल और सौरव कुमार मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से चार मोबाइल और पांच सिम कार्ड जब्त किए हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

 

Share.
Next Story
गिरिडीह में बैंक और ज्वेलरी शोरूम लूटने की थी तैयारी, पांच अपराधी गिरफ्तार
Exit mobile version