बोकारो: जरीडीह प्रखंड के तांतरी दक्षिणी पंचायत में शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने विकास योजनाओं और स्थानीय समस्याओं की समीक्षा की। पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और एक-एक कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं का निराकरण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों का समाधान तत्काल किया जा सकता है, उन्हें बिना अनावश्यक देरी के पूरा किया जाए। वहीं, जिन मामलों में विभागीय प्रक्रिया या उच्च स्तर की स्वीकृति जरूरी है, उनमें नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समयसीमा के भीतर समाधान की दिशा में काम किया जाए।
विस्थापित परिवारों से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान
तांतरी दक्षिणी पंचायत पुनर्वास क्षेत्र में आता है, जहां बीएसएल प्लांट से विस्थापित परिवार रहते हैं। ग्रामीणों ने उपायुक्त के सामने पर्चा, पुनर्वास, नियोजन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं।
ग्रामीणों की बात सुनने के बाद उपायुक्त ने विस्थापित परिवारों से जुड़े पुराने मामलों को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभिलेख और पात्रता की जांच पूरी करने के बाद शिविर आयोजित कर पात्र विस्थापित परिवारों को पर्चा उपलब्ध कराने की तैयारी करने का निर्देश दिया। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल सकेगी।
स्कूल और पंचायत की सुविधाओं को लेकर भी निर्देश
ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र के विद्यालय की बाउंड्री वॉल, सोलर लाइट और सभागार निर्माण से जुड़ी समस्याएं भी उपायुक्त के सामने रखीं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
सभागार निर्माण के लिए ग्रामसभा से प्रस्ताव पारित कर भेजने का निर्देश दिया गया, ताकि नियमानुसार आगे की स्वीकृति प्रक्रिया शुरू की जा सके। वहीं, खराब या अनुपलब्ध सोलर लाइट की समस्या को भी प्राथमिकता के आधार पर दूर करने को कहा गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को केवल आवेदन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनके समाधान का वास्तविक असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस दौरान डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, बीडीओ कुमार कनिष्क, सीओ प्रणव ऋतुराज, थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, मुखिया शांति देवी, उप मुखिया समेत अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – नीदरलैंड्स के खिलाफ 0-2 से हारी भारतीय महिला हॉकी टीम, सेमीफाइनल की राह हुई मुश्किल
