21 अगस्त 2026: FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम को दूसरे चरण के अपने पहले मुकाबले में मौजूदा चैंपियन नीदरलैंड्स के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। एम्सटेलवीन के वैगेनर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नीदरलैंड्स ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और दोनों हाफ में एक-एक गोल कर मुकाबला अपने नाम किया।
इस जीत के साथ नीदरलैंड्स ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, भारत के खाते में एक अंक है, जो पहले चरण में चीन के खिलाफ खेले गए ड्रॉ से मिला था।
शुरुआती मिनटों में ही नीदरलैंड्स ने बनाई बढ़त
मैच शुरू होने के महज 81 सेकंड बाद ही नीदरलैंड्स ने भारत के खिलाफ पहला गोल कर दिया। शुरुआती दबाव के बीच मेजबान टीम ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया और यिब्बी जानसेन ने उसे गोल में बदलते हुए स्कोर 1-0 कर दिया।
इसके बाद भी नीदरलैंड्स ने भारतीय डिफेंस पर लगातार दबाव बनाए रखा। गोलकीपर बिचु देवी ने कई अहम बचाव किए और शुरुआती क्वार्टर में भारत को दो गोल से पिछड़ने से बचाया।
भारत ने धीरे-धीरे मुकाबले में वापसी की कोशिश की। नौवें मिनट में टीम ने पहली बार नीदरलैंड्स के सर्किल में प्रवेश किया, जबकि सलीमा टेटे ने 12वें मिनट में भारत की ओर से पहला शॉट लिया, लेकिन गेंद गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गई।
भारत को मिले मौके, लेकिन गोल नहीं हुआ
दूसरे क्वार्टर में भारत ने बराबरी की कोशिश तेज की। 19वें मिनट में टीम को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन दीपिका के फ्लिक को डच डिफेंस ने रोक दिया।
इसके बाद 22वें मिनट में नवनीत कौर के पास भी गोल करने का मौका आया। सर्किल के अंदर मिले पास पर उनका शॉट क्रॉसबार के ऊपर से निकल गया।
दूसरी ओर, भारतीय गोलकीपर सविता ने नीदरलैंड्स के कई हमलों को रोकते हुए टीम को मुकाबले में बनाए रखा। हाफ टाइम तक स्कोर 1-0 ही रहा।
तीसरे क्वार्टर में नीदरलैंड्स ने बढ़ाई बढ़त
तीसरे क्वार्टर में डच टीम ने अपना दबाव और बढ़ा दिया। भारत की ओर से सलीमा टेटे ने 33वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के दौरान शानदार बचाव किया।
भारत ने जवाबी हमले के जरिए बराबरी का मौका बनाने की कोशिश की, लेकिन सुनेलिता का सर्किल के अंदर से लिया गया पुश ज्यादा प्रभावी नहीं रहा।
38वें मिनट में नीदरलैंड्स को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। फ्रेडरिके मातला ने इस मौके को गोल में बदलकर अपनी टीम की बढ़त 2-0 कर दी।
आखिरी क्वार्टर में भी नहीं मिली भारत को सफलता
अंतिम क्वार्टर में भारत को जल्द गोल की जरूरत थी, लेकिन नीदरलैंड्स ने खेल की गति पर अपना नियंत्रण बनाए रखा। 54वें मिनट में डच टीम का एक शॉट पोस्ट से टकराया, जबकि सविता ने इसके बाद भी एक और अहम बचाव किया।
भारत ने आखिरी मिनटों में आक्रामक खेल दिखाया। 59वें मिनट में नवनीत कौर के पास गोल का अच्छा मौका आया, लेकिन नीदरलैंड्स की गोलकीपर ऐनी वीनेन्डाल ने शानदार बचाव कर भारत की उम्मीद तोड़ दी।
मैच के अंतिम क्षणों में नीदरलैंड्स को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इशिका ने पोस्ट पर खड़े होकर शानदार बचाव किया। इसके बाद डिफेंडिंग चैंपियन ने 2-0 की बढ़त के साथ मुकाबला खत्म किया।
अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करो या मरो का मुकाबला
नीदरलैंड्स के खिलाफ हार के बाद भारत की सेमीफाइनल की राह कठिन हो गई है। अब भारतीय टीम को अपने पूल ई के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा। इसके साथ ही भारत को यह भी उम्मीद करनी होगी कि नीदरलैंड्स अपने मुकाबले में चीन को हरा दे।
पूल ई में नीदरलैंड्स के छह अंक हैं, जबकि चीन के दो और भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के खाते में एक-एक अंक है। ऐसे में सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत के लिए अगला मुकाबला बेहद अहम हो गया है।
इसे भी पढ़े – ‘गांव-गांव के बच्चे डंडा लेकर निकल गए तो JMM को भागने का मौका नहीं मिलेगा’: बाबूलाल मरांडी
