रेनबो वाटर पार्क में विधानसभा समन्वयकों और सेवा दूतों की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित, गणेश मिश्रा ने अभियान की रूपरेखा की साझा
रांची। भाजपा की ओर से ‘सेवा दूत अभियान’ को लेकर विधानसभा समन्वयकों और सेवा दूतों की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन रेनबो वाटर पार्क, बिरडीह, सांबो, धुर्वा में किया गया। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, पार्टी नेता अमर कुमार बाउरी समेत कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान अभियान के उद्देश्य, कार्ययोजना और विधानसभा स्तर पर किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला के बाद प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्षों की यात्रा को लेकर भाजपा ‘सेवा दूत अभियान’ चला रही है। यह अभियान 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक राज्य की सभी विधानसभा क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न जनसेवा और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान में पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व पदाधिकारी, जिला और प्रदेश स्तर के नेता तथा वर्तमान पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। सभी को अभियान के लिए समय देकर जनता के बीच पहुंचने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
गणेश मिश्रा ने कहा कि अभियान के तहत स्वच्छ भारत अभियान को भी सेवा दूतों के माध्यम से विधानसभा स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही संगठन की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया जाएगा और प्रदेश में चल रहे विभिन्न नैरेटिव को लेकर भी कार्यकर्ता जानकारी जुटाएंगे। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर सेवा दूत अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रमों के साथ अभियान का समापन करेंगे।
