प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख (मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री) के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा देशभर में 1 से 25 दिसंबर तक ‘सेवा दूत अभियान’ चलाने जा रही है। इस महाअभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को रांची के धुर्वा स्थित सैम्बो बालालोंग के मयूरवन बैंक्वेट हॉल में झारखंड भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सह सांसद मनोज तिग्गा और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय ने राज्य भर से जुटे पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अभियान की सफलता के मंत्र दिए।
‘मन की बात’ से हुई शुरुआत, दिवंगतों को दी गई श्रद्धांजलि
कार्यशाला का शुभारंभ प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण के साथ हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भी विशेष रूप से शामिल हुए। इसके उपरांत वंदे मातरम् गायन और महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। बैठक के दौरान रामगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे में मारे गए 13 लोगों और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की दिवंगत माता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
परिवार भाव के साथ जनता से आत्मीय संबंध बनाएं सेवा दूत : आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि देश के 4,123 और झारखंड के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में यह अभियान संचालित होगा। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता ‘सेवा के दूत’ बनकर कर्म, कर्तव्य और परिवार भाव के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में जाएं। जहां जैसी व्यवस्था मिले, उसी में रहकर जनता से आत्मीय संबंध स्थापित करें और मोदी सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।
2029 में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करें कार्यकर्ता : बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि वर्ष 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प के साथ प्रत्येक बूथ पर टोली तैयार करनी होगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता इसे भगवान का काम समझकर पूरी सहजता से करें। प्रवास के दौरान आम जनता की समस्याओं और वर्तमान राज्य सरकार के प्रति व्याप्त नाराजगी को गंभीरता से सूचीबद्ध करें। साथ ही यह भी आकलन करें कि केंद्र की योजनाएं धरातल पर कितनी उतरी हैं और उनके क्रियान्वयन में कहां बाधा आ रही है।
प्रवास संगठन का प्राण तत्व, 25 दिन समर्पित करें कार्यकर्ता : पवन साय
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन के 25 वर्ष जनसेवा को समर्पित किए हैं, इसलिए कार्यकर्ता भी 25 दिनों तक क्षेत्र में प्रवास कर अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि ‘प्रवास’ संगठन का प्राण तत्व और प्राण वायु है। कार्यकर्ताओं को ‘हमारा गांव हमारा तीर्थ और हमारा घर हमारा मंदिर’ के भाव से काम करना होगा। उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं को पुनः सक्रिय करने, समाज के सभी वर्गों से संवाद करने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
28 पन्नों की पीपीटी से समझाया अभियान का रोडमैप : मनोज तिग्गा
अभियान की राष्ट्रीय टोली के सदस्य एवं सांसद मनोज तिग्गा ने 28 पन्नों की विस्तृत प्रस्तुति (पीपीटी) के जरिए सेवा दूतों की भूमिका और दायित्वों को स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि 25 दिनों के दौरान जनसुनवाई, नशामुक्त भारत शिविर, लाभार्थी संवाद, अपना क्षेत्र अपना गौरव, सेवा शिविर और विकसित भारत अभियान जैसी गतिविधियां चलेंगी। सभी दैनिक गतिविधियों के संकलन और निगरानी के लिए ‘सरल ऐप’ का उपयोग किया जाएगा।
राष्ट्रविरोधी नैरेटिव की होगी पड़ताल, अटल जयंती पर होगा समापनः
प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने बताया कि अभियान में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक के पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रत्येक विधानसभा में एक समन्वयक और मंडल अध्यक्ष सह-समन्वयक होंगे। अभियान के दौरान स्वच्छ भारत के तहत बड़ा प्रकल्प चलाने के साथ ही क्षेत्रों में चल रहे ‘नैरेटिव’ की भी जांच की जाएगी कि वह राष्ट्रहित में है या राष्ट्रविरोधी, और इसके पीछे कौन लोग हैं। साथ ही शक्ति केंद्रों व बूथों की सक्रियता का भी आकलन होगा। अभियान के समापन पर 25 दिसंबर को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर हर विधानसभा क्षेत्र में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगीः
कार्यशाला का संचालन प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अमर कुमार बाउरी ने दिया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह समेत सभी प्रदेश मंत्री, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और विधानसभा समन्वयक मौजूद रहे।
