गिरिडीह-बोकारो में बड़ी वारदात की थी तैयारी, सफेद अर्टिगा से बिहार भाग रहे थे चारों अपराधी; पुलिस ने ओवरब्रिज पर घेरकर पकड़ा गिरिडीह पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर हजारीबाग पुलिस ने चार अपराधी को किया गिरफ्तार
हजारीबाग। ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे अपराधियों के मंसूबों पर हजारीबाग पुलिस ने पानी फेर दिया। गिरिडीह और बोकारो में लूट-डकैती की योजना बनाकर निकले चार अपराधियों को चौपारण पुलिस ने दबोच लिया। चारों सफेद अर्टिगा कार से बिहार की ओर भाग रहे थे। पुलिस ने सिंघरावां ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर कार रोकी और चारों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरिडीह पुलिस से सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियारों के साथ ज्वेलरी दुकानों में लूटपाट की नीयत से इलाके में पहुंचे हैं। कुछ अपराधी सफेद कार से चौपारण होते हुए बिहार की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही हजारीबाग एसपी अमन कुमार के निर्देश पर बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में चौपारण पुलिस और सशस्त्र बल की टीम बनाई गई।
पुलिस टीम ने संभावित रास्तों पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान सिंघरावां ओवरब्रिज के पास संदिग्ध सफेद अर्टिगा कार दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। कार में सवार चारों लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान वैशाली (बिहार) के अभिनव राज और मनीष कुमार , मुजफ्फरपुर (बिहार) के राहुल कुमार तथा सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) के महफूज के रूप में हुई है।
दो पिस्तौल, एक कट्टा और नौ कारतूस बरामद
पुलिस ने अपराधियों के पास से दो देसी पिस्तौल, एक देसी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस, दो चाकू एवं पेचकस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार (BR01HA-8101) भी जब्त की गई है।
पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ गिरिडीह और बोकारो की ज्वेलरी दुकानों में वारदात को अंजाम देने के लिए गए थे।
