Sunday, November 29

यूनियन बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, झारखंड की प्रथम एग्जीक्यूटिव कमिटी (कार्यकारिणी) बैठक धनबाद स्थित किंग्स रिज़ॉर्ट में उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस बैठक में रांची, जमशेदपुर, बोकारो, गिरिडीह, देवघर और धनबाद सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 100 बैंक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

नवचयनित पदाधिकारियों का स्वागत और संगठन विस्तार का संकल्पः

प्रथम सत्र में एसोसिएशन के नवचयनित पदाधिकारियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। महासचिव ज्योत्स्नेश्वर पांडे ने उद्घाटन संबोधन में अधिकारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय और समावेशी बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने का आह्वानः

एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्जवल प्रकाश लकड़ा ने सदस्यों से आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर सामूहिक सहयोग के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी एकता में निहित है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी के हितों को सर्वोपरि रखकर काम करना होगा।

वरिष्ठ सहायक सचिव संजय प्रकाश को दी गई भावभीनी विदाईः

दूसरे सत्र में एसोसिएशन के वरिष्ठ सहायक सचिव संजय प्रकाश के सेवानिवृत्ति उपरांत सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान वे अपनी धर्मपत्नी, पुत्र, पुत्रवधू, दामाद एवं पुत्री के साथ मौजूद रहे। साथियों ने उनके संगठनात्मक समर्पण को याद करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम का कुशल एवं गरिमामय मंच संचालन शिशिर कुमार ठाकुर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अनीस भारती और शेखर सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में महादेव जी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर सभी अतिथियों व अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share.
Next Story
एक चालान, कई गाड़ियां: अवैध बालू ढुलाई के बड़े खेल का भंडाफोड़, पुलिस ने जब्त किया ट्रेलर
Exit mobile version