नई दिल्ली। देवउठनी एकादशी का पर्व इस साल शुक्रवार, 20 नवंबर को देशभर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को मनाए जाने वाले इस पर्व को देवोत्थान और प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह, गृह प्रवेश तथा मुंडन जैसे मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।
क्यों मनाई जाती है देवउठनी एकादशी?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में योग निद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चार महीने तक शुभ और मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। कार्तिक शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु के जागने के साथ ही इस अवधि का समापन होता है।
भगवान विष्णु को जगाने का शुभ मुहूर्त
ज्योतिषाचार्य डॉ. उमाशंकर मिश्र के अनुसार, 20 नवंबर को शाम 5 बजकर 26 मिनट से 5 बजकर 52 मिनट तक गोधूलि मुहूर्त रहेगा। इस दौरान भगवान विष्णु को जगाना शुभ माना गया है।
पूजा की क्या है विधि?
इस दिन सुबह स्नान कर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करनी चाहिए। शाम को शुभ मुहूर्त में शंख, घंटा और मृदंग बजाकर भगवान को योग निद्रा से जगाने की परंपरा है। इस अवसर पर तुलसी और शालिग्राम का विवाह भी कराया जाता है, जिसका विशेष धार्मिक महत्व है।


