Saturday, November 28

 जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को धनबाद पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में विशेष एंटी-क्राइम जांच अभियान चलाया। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर पुलिस की विभिन्न टीमों ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और मुख्य मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली।

इस विशेष अभियान के दौरान सभी डीएसपी और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद नजर आए। अभियान की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने भी विभिन्न इलाकों का दौरा कर जांच व्यवस्था की स्वयं निगरानी की।

जांच के क्रम में पुलिसकर्मियों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की बारीकी से जांच की, साथ ही चालकों और सवार लोगों की पहचान का सत्यापन भी किया गया। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन के जरिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों की भी जांच की गई। यातायात व सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों को जब्त कर थाने ले जाया गया।

एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के औचक अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है।

Share.
Next Story
जस्टिस एमएस सोनक की झारखंड हाईकोर्ट से भावुक विदाईः कहा- न्यायाधीश भी इंसान, फैसलों की रचनात्मक आलोचना व सुधार जरूरी
Exit mobile version