रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की सत्र 2026-27 की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए 29 नवंबर को चुनाव आयोजित किया जाएगा। यह चुनाव हरमू रोड स्थित श्री दिगंबर जैन भवन में संपन्न होगा। 15 सदस्यीय कार्य समिति के लिए कुल 20 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है।
चुनाव की प्रक्रिया के तहत सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा, जबकि शाम पांच बजे तक चुनाव परिणाम घोषित होने की संभावना है। चुनाव पदाधिकारी सुनील माथुर और सह चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि 15 सदस्यीय कार्य समिति में से 11 सदस्यों का चयन सीधे मतदान के माध्यम से होगा, वहीं शेष चार सदस्यों को मनोनीत किया जाएगा। इसके पश्चात सभी 15 नवनिर्वाचित और मनोनीत सदस्य आपसी सहमति या मतदान से एसोसिएशन के प्रमुख पदाधिकारियों का चुनाव करेंगे।
मतदान की प्रक्रिया शुरू होने से पूर्व सुबह नौ बजे एसोसिएशन की आम सभा आयोजित की जाएगी। इस बैठक में बीते सत्र (2025-26) के आय-व्यय का लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत कर पारित किया जाएगा।
