धनबाद: झारखंड की बेटी आनंदिता किशोर ने क्रिकेट की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई है। महज 20 साल की उम्र में धनबाद की आनंदिता को झारखंड सीनियर महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी सौंपी गई है। उनकी इस उपलब्धि से धनबाद समेत पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है।
आनंदिता किशोर ने सबसे कम उम्र में झारखंड सीनियर महिला टीम की कप्तान बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उनकी अगुवाई में झारखंड की टीम पुणे में होने वाले बीसीसीआई सीनियर महिला नेशनल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी। इसके लिए टीम पुणे रवाना होगी।
सीनियर टीम की कप्तानी मिलने पर आनंदिता ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि टीम के तीनों फॉर्मेट में कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले भी आनंदिता अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दे चुकी हैं। वह झारखंड की अंडर-19 और अंडर-23 महिला क्रिकेट टीमों की कप्तान रह चुकी हैं।
आनंदिता की इस सफलता के पीछे उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास की अहम भूमिका रही है। अब सीनियर टीम की कप्तानी के साथ उनके पास अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को बड़े मंच पर साबित करने का मौका है।
धनबाद की इस बेटी की उपलब्धि ने स्थानीय खेल प्रेमियों और झारखंड के क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह बढ़ा दिया है। आनंदिता की यह सफलता राज्य की युवा महिला क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है।
इसे भी पढ़े – रांची के तीन खिलाड़ी एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम, स्पीड स्केटिंग में झारखंड ने जीते चार स्वर्ण
