सितंबर महीने में बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होने वाली हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने बैंक कर्मचारियों की कई लंबित मांगों को लेकर देशव्यापी हड़ताल का ऐलान कर दिया है। अगर आप सितंबर में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम कराने की योजना बना रहे हैं, तो पहले हड़ताल का शेड्यूल जरूर जांच लें।
चरणबद्ध तरीके से होगी हड़ताल
UFBU के मुताबिक, पहली हड़ताल 11 सितंबर 2026 को एक दिन के लिए होगी। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिनों की हड़ताल की जाएगी। अगर इसके बावजूद मांगों पर कोई समाधान नहीं निकलता है, तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी भी दी गई है। UFBU का दावा है कि देश के 90 फीसदी से अधिक बैंकिंग कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन इस आंदोलन से जुड़े हैं।
पांच दिन की बैंकिंग सबसे बड़ी मांग
यूनियनों की सबसे प्रमुख मांग पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। UFBU का कहना है कि 8 मार्च 2024 को हुए 12वें द्विपक्षीय समझौते में इस पर सहमति बनी थी, जिसके तहत सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना करीब 40 मिनट अधिक काम कर शनिवार की छुट्टी की भरपाई की जानी थी। लेकिन यह प्रस्ताव दो साल से अधिक समय से सरकार के पास लंबित है।
PLI स्कीम और पेंशन मुद्दे भी शामिल
हड़ताल का दूसरा बड़ा कारण सरकार की संशोधित परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम है, जिसे यूनियनें वापस लेने की मांग कर रही हैं। इसके अलावा पेंशन और अन्य सेवा संबंधी मुद्दों पर भी लंबे समय से समाधान की मांग की जा रही है।
ग्राहकों पर पड़ेगा सीधा असर
तय कार्यक्रम के अनुसार 11 सितंबर के साथ-साथ 28 से 30 सितंबर तक बैंक शाखाओं का कामकाज प्रभावित रहेगा, और चूंकि 26-27 सितंबर को वीकेंड है, ऐसे में लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं बाधित हो सकती हैं। हालांकि UPI, मोबाइल बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़े – जन्माष्टमी के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘मिर्जापुर द मूवी’


