सूरत (गुजरात)। प्रेम संबंधों में आई दूरी के बाद एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गुजरात के सूरत में 38 वर्षीय विधवा महिला रंजनादेवी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव नहर किनारे संदिग्ध हालत में मिला। पोस्टमॉर्टम में गला दबाकर हत्या और जबरन शारीरिक संबंध बनाए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस को महिला के 24 वर्षीय कथित प्रेमी बबलू राजभर पर संदेह है। आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
सात महीने का रिश्ता, फिर बातचीत बंद और खौफनाक अंजाम!
पुलिस के अनुसार, रंजनादेवी और बबल्लू राजभर के बीच पिछले सात-आठ महीनों से प्रेम संबंध थे। शुरुआत में दोनों के बीच अच्छे संबंध थे, लेकिन पिछले तीन-चार महीनों से बातचीत बंद हो गई थी। परिवार का दावा है कि महिला ने आरोपी से मिलना-जुलना भी बंद कर दिया था। 22 नवंबर की शाम रंजनादेवी के मोबाइल पर कथित प्रेमी का फोन आया था। इसके बाद वह उससे मिलने की बात कहकर घर से निकली थीं। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर बच्चों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
नहर किनारे शव मिलने से मचा हड़कंपः
24 नवंबर की सुबह इच्छापुर बस स्टैंड नंबर-3 के पास नहर किनारे महिला का शव मिला। मौके पर मोबाइल, कपड़े और चप्पलें बिखरी हुई थीं। परिवार के एक सदस्य ने वहां मिली सफेद चप्पल को आरोपी की बताया। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने खोले गंभीर राजः
पोस्टमॉर्टम में गला दबाने से मौत और जबरन शारीरिक संबंध बनाए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने बबलू राजभर के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। तीन बच्चों की मां की इस दर्दनाक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
