Wednesday, November 11

देवघर में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और बैंकिंग सेवाओं के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस के अनुसार, वह Flipkart, Amazon, PhonePe और Airtel Payment Bank के नाम पर लोगों से संपर्क कर ऑनलाइन ठगी करता था। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान योजना का लाभ दिलाने और लोन उपलब्ध कराने के नाम पर भी लोगों को झांसा दिया जाता था।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वरीय पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 10 नवंबर को सारवां थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविंद्र दास (26 वर्ष), पिता अर्जुन दास, निवासी बोचबांध, थाना पत्थरड्डा ओपी, जिला देवघर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी तरीके से Flipkart और Amazon का कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank का अधिकारी और Google पर PhonePe कस्टमर केयर बनकर लोगों को निशाना बनाता था। वहीं, प्रधानमंत्री किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों के जरिए लोगों को झांसे में लिया जाता था।

बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में आरोपी की साइबर ठगी में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Share.
Next Story
छठ महापर्व से पहले महंगा हुआ दूध, मदर डेयरी ने बढ़ाए 2 से 4 रुपये प्रति लीटर दाम
Exit mobile version