RPF ने ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत की कार्रवाई, नौकरी का झांसा देकर स्पिनिंग मिल ले जाने का आरोप; 41 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार, AHTU को सौंपा गया मामला

रांची: झारखंड के रांची रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत RPF की संयुक्त टीम ने तमिलनाडु ले जाई जा रही पांच नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित मुक्त कराया। बच्चियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले जा रहे एक 41 वर्षीय व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में बच्चियों को स्पिनिंग मिल में काम दिलाने के नाम पर ले जाने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को RPF को रेल मदद के माध्यम से ट्रेन संख्या 18636 (सासाराम-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस) में कुछ नाबालिग बच्चियों को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही RPF पोस्ट रांची, अपराध आसूचना शाखा (CIB) रांची और DNF टीम की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई।
दोपहर करीब 12:08 बजे ट्रेन के रांची रेलवे स्टेशन पहुंचने पर टीम ने एक वयस्क व्यक्ति के साथ पांच नाबालिग बच्चियों को देखा। संदेह होने पर सभी को रोककर पूछताछ के लिए RPF पोस्ट लाया गया।
तमिलनाडु की स्पिनिंग मिल में नौकरी दिलाने का दिया था झांसा
पूछताछ में आरोपी की पहचान सुशील कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह (41 वर्ष), निवासी अपर खुर्द, जपला, हुसैनाबाद, जिला पलामू के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से तमिलनाडु की SSM Group स्थित प्रभु स्पिनिंग मिल में सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहा है।
प्रारंभिक पूछताछ के मुताबिक, आरोपी ने बच्चियों को तमिलनाडु की स्पिनिंग मिल में नौकरी दिलाने और प्रतिमाह करीब 15 हजार रुपये वेतन मिलने का प्रलोभन दिया था। उसने कथित तौर पर यह भी बताया कि कंपनी की ओर से उसे प्रत्येक व्यक्ति के हिसाब से प्रतिदिन 20 रुपये मिलते हैं।
AHTU थाना में दर्ज हुआ मामला
बच्चियों की नाबालिग उम्र और उन्हें दूसरे राज्य ले जाने की परिस्थितियों को देखते हुए मानव तस्करी एवं संभावित शोषण की आशंका जताई गई। इसके बाद आवश्यक प्रारंभिक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी तथा पांचों बच्चियों को आगे की कार्रवाई के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) थाना, रांची को सौंप दिया गया।
इस मामले में AHTU थाना कांड संख्या 14/2026, दिनांक 26 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 137(2) और 143(5) तथा किशोर न्याय अधिनियम, 2015 की धारा 75 और 81 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच SI मनोज भगत को सौंपी गई है।
RPF की इस कार्रवाई से पांच नाबालिग बच्चियों को संभावित शोषण के खतरे से सुरक्षित निकाला गया। रेलवे सुरक्षा बल की ओर से बताया गया कि ऑपरेशन ‘आहट’ के तहत बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा तथा मानव तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।


