बुधवार देर रात हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत, कथित प्रेस रिलीज जारी कर कंपनी प्रबंधन को दी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी
झारखंड के हजारीबाग जिले में अपराधियों ने एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की है। केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित रित्विक कंपनी के गेट पर बुधवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है।
इस गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित प्रेस रिलीज सामने आई है, जिसमें राहुल दुबे गैंग ने घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। जारी संदेश में कंपनी के गेट पर 8 से 10 राउंड गोलियां चलाने की बात कही गई है। साथ ही इस घटना को महज ट्रेलर बताते हुए कंपनी प्रबंधन को चेतावनी दी गई है।
कथित प्रेस रिलीज में कंपनी प्रबंधन से जल्द उनकी मांगों के अनुसार व्यवस्था करने की बात कही गई है। ऐसा नहीं होने पर कंपनी के कार्यालय, कर्मचारियों और कार्यस्थलों को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई है। संदेश में कंपनी की विभिन्न साइटों पर काम बंद कराने और कर्मचारियों को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई है।
इस कथित संदेश में राहुल दुबे के साथ अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नामों का भी उल्लेख किया गया है।
फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर जारी कथित प्रेस रिलीज में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।


