Wednesday, October 14

अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। हालांकि फिल्म अक्टूबर में रिलीज होगी, लेकिन अब मेकर्स ने स्टार कास्ट के फर्स्ट लुक पोस्टर एक-एक कर जारी करने शुरू कर दिए हैं, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है। हर किरदार के पोस्टर के साथ एक दमदार लाइन भी शेयर की गई है, जो फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता जगाती है।

अजय देवगन और तब्बू का रिटर्न

फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के मुख्य किरदार में नजर आएंगे, जो अपने परिवार के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार दिख रहे हैं। वहीं तब्बू एक बार फिर पुलिस अधिकारी मीरा देशमुख के रोल में लौट रही हैं, जो इस बार इंसाफ से आगे बढ़कर एक मां के बदले की भावना के साथ दिखेंगी।

श्रेया सरन और रजत कपूर की भी वापसी

विजय सलगांवकर की पत्नी नंदिनी के किरदार में श्रेया सरन का फर्स्ट लुक भी सामने आया है, जिसमें वह सहमी हुई नजर आ रही हैं और परिवार पर मंडराते खतरे का संकेत देती हैं। वहीं रजत कपूर एक बार फिर मीरा के पति महेश देशमुख के रोल में दिखेंगे, जिनका किरदार सच्चाई की राह पर चलने वाला बताया जा रहा है, भले ही इसकी कीमत कुछ भी चुकानी पड़े।

जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री से बढ़ी दिलचस्पी

फिल्म में इस बार दो बड़े नए चेहरे भी जुड़े हैं। जयदीप अहलावत एसपी क्राइम ब्रांच राजवीर सिंह तोमर के किरदार में नजर आएंगे, जिनके हाथों में मीरा और महेश के बेटे की मौत की पूरी जांच होगी। उनका पोस्टर संकेत देता है कि वे विजय सलगांवकर की गिरफ्तारी के बाद केस को अपने तरीके से सुलझाएंगे। वहीं दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज वकील इंद्रजीत शेट्टी के रोल में दिखेंगे, जो कानून की बारीकियों का इस्तेमाल कर सलगांवकर परिवार के खिलाफ मजबूत मोर्चा खोलते नजर आएंगे।

कब और कैसे होगी रिलीज

अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी। यह तारीख फिल्म की कहानी के लिहाज से भी खास मानी जा रही है। बता दें कि अजय देवगन की ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी, साउथ सुपरस्टार मोहनलाल की मलयालम फिल्म ‘दृश्यम’ का हिंदी रीमेक है। मोहनलाल पहले ही इस फ्रेंचाइजी के तीनों भाग पूरे कर चुके हैं, जबकि हिंदी वर्जन में अब तीसरे पार्ट की रिलीज का इंतजार है। स्टार कास्ट के इन पोस्टर्स ने फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ा दी है।

इसे भी पढ़े – यश की टॉक्सिक ने तोड़े रिकॉर्ड, तीन दिन में कमा डाले इतने करोड़

 

Share.
Next Story
‘नौकरी बेचकर झारखंड की आत्मा बेची जा रही’, पाकुड़ में देवेंद्र महतो का हुंकार
Exit mobile version