Wednesday, October 14

बोकारो। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बोकारो में खेल और सौहार्द का रंग देखने को मिला। बीएसएल के स्पोर्ट्स एंड सिविक अमेनिटीज विभाग की ओर से कुमार मंगलम स्टेडियम में डीसी इलेवन और डीआईसी इलेवन के बीच मैत्री फुटबॉल मैच आयोजित किया गया। मैच की शुरुआत गुब्बारे उड़ाकर की गई।

मुकाबले में डीसी इलेवन की कमान प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने संभाली, जबकि डीआईसी इलेवन का नेतृत्व बोकारो स्टील प्लांट की कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी ने किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत आयोजित इस मैत्री मुकाबले का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच खेल भावना, आपसी समन्वय, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना था। मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के बीच अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना देखने को मिली।

मैच देखने पहुंचे अधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने भी मुकाबले का आनंद लिया और दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन के जरिए जिला प्रशासन और बोकारो स्टील प्लांट के अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी सौहार्द का संदेश भी सामने आया।

स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के बीच आयोजित यह मैत्री फुटबॉल मुकाबला आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। डीसी इलेवन में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार, डीईओ प्रवीण रंजन, डीएसई अतुल कुमार चौबे, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, सिटी डीएसपी राजीव रंजन, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ शक्ति कुमार और एसएओ पंकज दूबे समेत अन्य शामिल रहे।

मैत्री मैच ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को खेल, टीम भावना और आपसी भाईचारे से जोड़ते हुए एक सकारात्मक संदेश दिया।

इसे भी पढ़े – खाकी के बीच देशभक्ति का जोश, स्वतंत्रता दिवस पर पुलिसकर्मियों ने किया जमकर डांस

Share.
Next Story
तिरंगे के साये में JPSC-JSSC छात्रों का आंदोलन, रांची में निकली भव्य यात्रा
Exit mobile version