Wednesday, October 14

जमशेदपुर: टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क से वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबरी आई है। चिड़ियाघर की बाघिन सुनैना ने 23 सितंबर की सुबह तीन शावकों को जन्म दिया। इनमें दो मादा और एक नर शावक शामिल हैं। तीन नन्हे बाघों के आने से चिड़ियाघर में बाघों का कुनबा बढ़ गया है।

इन शावकों के पिता रुद्र हैं, जिन्हें महाराष्ट्र के नागपुर स्थित गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से टाटा स्टील जू लाया गया था। शावकों के जन्म के बाद चिड़ियाघर प्रबंधन ने निर्धारित पशु चिकित्सा प्रोटोकॉल के तहत उनकी शुरुआती देखभाल और स्वास्थ्य की निगरानी की। शुरुआती देखभाल का दौर पूरा होने के बाद उनके जन्म की जानकारी सार्वजनिक की गई।

एक मादा शावक को लगी थी हल्की चोट

पहली बार मां बनी बाघिन सुनैना से अनजाने में एक मादा शावक को हल्की चोट लग गई थी। इसके बाद चिड़ियाघर की पशु चिकित्सा टीम ने तत्काल उपचार किया और शावक के त्वचा संबंधी घावों की सिलाई की।

फिलहाल शावक की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। उसका वजन लगभग 1.8 किलोग्राम बताया गया है। पशु चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर रख रही है।

पशु चिकित्सकों की निगरानी में तीनों शावक

तीनों शावकों के स्वास्थ्य और विकास की निगरानी चिड़ियाघर की पशु चिकित्सा टीम कर रही है। शुरुआती दौर में उनकी देखभाल को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में स्वस्थ तरीके से विकसित हो सकें।

तीन शावकों का जन्म टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क के लिए महत्वपूर्ण है। इससे चिड़ियाघर में बाघों की संख्या बढ़ी है और वन्यजीव प्रेमियों में भी उत्साह है।

इसे भी पढ़े – नीला ड्रम हत्याकांड: फांसी से पहले मुस्कान की आखिरी इच्छा… मेरी बेटी का ख्याल रखना

Share.
Next Story
JHARKHAND DIGITAL BREAKING: CCL में CBI रेड..बड़का सयाल सौंदाडीह प्रोजेक्ट ऑफिसर के पीए घूस लेते गिरफ्तार
Exit mobile version