Friday, October 2

जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना के चार मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, डोमिनिक की हत्या के लिए शूटरों को एक लाख रुपये की सुपारी दी गई थी, जिसमें 25 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे। फायरिंग की इस घटना में कुल चार लोगों को गोली लगी थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतारामडेरा निवासी शंकर मुंडा, परसुडीह निवासी रमेश कुमार शर्मा उर्फ गुड्डू शर्मा उर्फ टीटू शर्मा, मनोज कुमार सरकार और दीपू कुमार ओझा के रूप में हुई है।

छत्तीसगढ़ से पकड़े गए आरोपी

बुधवार को प्रेस वार्ता में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि फायरिंग के बाद साजिश में शामिल आरोपी शहर छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने डोमिनिक की हत्या के लिए शूटरों को एक लाख रुपये देने की बात तय की थी। इसमें से 25 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। वारदात को अंजाम देने के लिए जरूरी अन्य सामान की व्यवस्था भी किए जाने की बात पुलिस ने बताई है।

शूटरों की तलाश में छापेमारी जारी

पुलिस अब इस मामले में शूटरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही हत्या की सुपारी देने के पीछे की वजह और इस पूरी साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शूटरों की गिरफ्तारी के बाद फायरिंग की पूरी साजिश और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।

इसे भी पढ़े – बिंदल मॉल फायरिंग के चार मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, एक लाख में दी गई थी हत्या की सुपारी

Share.
Next Story
सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर सबसे ज्यादा अहम: डीसी अजय नाथ झा
Exit mobile version