Tuesday, October 13

रांची। राजधानी रांची के करमटोली चौक पर इन दिनों एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने लोगों को कुछ देर रुककर सोचने और मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया। वजह कोई राजनीतिक पोस्टर, विज्ञापन या सार्वजनिक सूचना नहीं, बल्कि प्यार में रूठी प्रेमिका को मनाने की कोशिश है।

करमटोली चौक के आसपास एक दीवार पर अचानक कई पोस्टर नजर आए। पोस्टर पर लिखे संदेश को पढ़ने के बाद लोगों की दिलचस्पी और बढ़ गई। दरअसल, इन पोस्टरों के जरिए एक युवक अपनी प्रेमिका से माफी मांगते हुए उसे दोबारा UNBLOCK करने की अपील कर रहा है।

पोस्टर पर अंग्रेजी में लिखा है—
“I AM SORRY I OVERREACTED, PLEASE UNBLOCK ME, SACHI SORRY – CHOTU”

यानी मामला इतना बढ़ गया कि फोन पर बातचीत का रास्ता बंद होने के बाद प्रेमी ने सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने का रास्ता अपना लिया। खास बात यह है कि माफी किसी एक मैसेज तक सीमित नहीं रही, बल्कि दीवार पर कई पोस्टर लगाकर प्रेमिका तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की गई।

BLOCK के बाद निकला ‘पब्लिक सॉरी’ का रास्ता

आज के दौर में किसी रिश्ते में नाराजगी होने पर लोग मैसेज, कॉल या सोशल मीडिया के जरिए बात सुलझाने की कोशिश करते हैं। लेकिन करमटोली की इस कहानी में तरीका कुछ अलग नजर आया। यहां ‘ब्लॉक’ होने के बाद प्रेमी ने ऐसा रास्ता चुना, जिसे देखकर आसपास से गुजरने वाले लोग भी इस कहानी का हिस्सा बन गए।

दीवार पर लगे पोस्टरों ने राहगीरों का ध्यान खींचा। कोई संदेश पढ़कर आगे बढ़ गया तो किसी ने इसे प्यार में मनाने का अनोखा तरीका माना। हालांकि, पोस्टर के पीछे की पूरी कहानी क्या है और आखिर किस बात को लेकर विवाद हुआ था, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रेम कहानी है या सोशल मीडिया वाला स्टंट?

फिलहाल यह भी साफ नहीं है कि पोस्टर लगाने वाला युवक वास्तव में अपनी प्रेमिका को मनाने के लिए ऐसा कर रहा है या फिर यह किसी तरह का मजाक अथवा सोशल मीडिया से जुड़ा स्टंट है।

लेकिन वजह चाहे जो हो, करमटोली चौक की दीवार पर चिपके इन पोस्टरों ने लोगों के बीच उत्सुकता जरूर पैदा कर दी है। जिस दीवार पर आमतौर पर विज्ञापन और दूसरे पोस्टर दिखाई देते हैं, वहां इस बार किसी की निजी जिंदगी से जुड़ा माफीनामा चर्चा का विषय बन गया।

अब सवाल यही है कि क्या ‘ प्रेमी ’ की यह सार्वजनिक माफी रंग लाएगी और ‘छोटू’ उसे UNBLOCK करेगी? इसका जवाब तो वही दे सकती हैं, लेकिन फिलहाल करमटोली में ‘I AM SORRY’ वाले पोस्टर लोगों के बीच चर्चा का नया विषय जरूर बन गया हैं।

Share.
Next Story
एसबीयू में AI और मशीन लर्निंग पर पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम शुरू
Exit mobile version