Saturday, October 3

बोकारो: गांधी जयंती के मौके पर बोकारो जिले की सभी 249 पंचायतों में विशेष ग्राम सभा सह रिफार्म उत्सव का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों के साथ पंचायतों को खुशहाल, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने को लेकर चर्चा हुई। विकास के साथ नशामुक्ति, जल संरक्षण, महिला स्वास्थ्य, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

पिंड्राजोरा पंचायत में आयोजित विशेष ग्राम सभा में उपायुक्त अजय नाथ झा, एसपी नाथू सिंह मीणा और डीडीसी शताब्दी मजूमदार शामिल हुए। उपायुक्त ने कहा कि ग्राम सभा ग्रामीणों को अपने गांव और पंचायत के विकास के लिए सामूहिक रूप से निर्णय लेने और संकल्प करने का मंच देती है। उन्होंने ग्रामीणों की जरूरत के अनुसार योजनाएं तैयार कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन की बात कही।

डीसी ने महिला सुरक्षा, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की अपील की। उन्होंने कहा कि गांधी जी ग्राम स्वराज और आत्मनिर्भर गांव की परिकल्पना करते थे। ग्राम सभाओं के जरिए इस सोच को जमीन पर उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

नशामुक्त गांव के लिए ग्रामीणों की भागीदारी पर जोर

एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि विकास के साथ गांवों में सुरक्षा का माहौल भी जरूरी है। उन्होंने नशे को परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि इससे घरेलू हिंसा, विवाद, अपराध और सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याएं सामने आती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपने गांव को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक पहल करने की अपील की।

जल संरक्षण और महिला स्वास्थ्य पर भी फोकस

डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने ग्रामीणों की जरूरत के अनुसार विकास योजनाओं के चयन और उनके बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने जल संकट को देखते हुए जल स्रोतों के संरक्षण, भूजल रिचार्ज और वर्षा जल संचयन को प्राथमिकता देने की बात कही।

उन्होंने पंचायत भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, जल स्रोतों के संरक्षण और भूजल पुनर्भरण की दिशा में योजनाबद्ध काम करने की जरूरत बताई। साथ ही महिला स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने और ग्राम सभा में चयनित योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

कार्यक्रम की शुरुआत में अधिकारियों और ग्रामीणों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मौके पर पंचायत प्रतिनिधियों, संबंधित पदाधिकारियों-कर्मियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही।

इसे भी पढ़े – गांधी जयंती पर बोकारो में दिखा बदला हुआ नजारा, डीसी ने खुद संभाली झाड़ू…खादी और स्वच्छता का दिया संदेश

Share.
Next Story
सुजाता चौक पर चला सफाई अभियान, CIP कांके में लगाए गए 100 पौधे
Exit mobile version