15 नवंबर को सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीननेस’ से शुरू होगा कार्यक्रमों का सिलसिला, 17 से 25 नवंबर तक होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं; 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
The ad is not displayed on the page
current post: झारखंड स्थापना दिवस पर 15 से 28 नवंबर तक होंगे भव्य आयोजन, खेलगांव में होगा मुख्य समारोह, ID: 14346
Ad: ADVT 300x250-1 (14327)
Placement: Content (8616)
Find solutions in the manual

रांची: बिहार से अलग होकर 15 नवंबर 2000 को झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। इस वर्ष राज्य अपना 26वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। स्थापना दिवस के साथ झामुमो (JMM) नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य सरकार ने विशेष आयोजन की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार 15 नवंबर से 28 नवंबर तक राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का समापन 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित भव्य मुख्य समारोह के साथ होगा।
‘रन फॉर क्लीननेस’ से होगी स्थापना दिवस कार्यक्रमों की शुरुआत
15 नवंबर को सुबह 7 बजे से राज्य के सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीननेस’ का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत आम नागरिक अपने-अपने जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और महत्वपूर्ण स्थानों से छठ घाटों तक दौड़ लगाएंगे। इस आयोजन का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। दौड़ पूरी होने के बाद छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
पंचायत से जिला स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं
स्थापना दिवस समारोह को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें खेलकूद, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। अलग-अलग स्तर पर आयोजित इन स्पर्धाओं के माध्यम से प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।
26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रमों की अगली कड़ी में 26 से 28 नवंबर तक रांची के खेलगांव में भव्य मेला, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ-साथ सभी जिलों के एक-एक स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न विभागों की सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए झारखंड की कला, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री करेंगे योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव में मुख्य समारोह आयोजित होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न नई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीबीएसई, आईसीएसई और जैक बोर्ड के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
राज्यव्यापी आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सरकार ने उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया है। सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस सचिव पूजा सिंघल की अध्यक्षता में गठित इस कमेटी में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को शामिल किया गया है। कमेटी में ग्रामीण विकास सचिव मनोज कुमार, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, नगर आयुक्त सुशांत गौरव, जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा शामिल हैं।
सरकार की इस पहल के तहत स्थापना दिवस समारोह को केवल एक दिवसीय आयोजन तक सीमित रखने के बजाय दो सप्ताह तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मनाने की तैयारी है। वहीं, 28 नवंबर का मुख्य समारोह राज्य सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल, विकास योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का प्रमुख मंच होगा।



