रांची। राजधानी रांची को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के लिए नगर निगम ने नई पहल की है। निगम की हॉर्टिकल्चर शाखा शहर के 24 प्रमुख स्थलों पर कुल 2233 मीटर लंबाई में ग्रीन पैच विकसित करेगी। इसके तहत सड़क किनारे और प्रमुख चौक-चौराहों के आसपास हरित क्षेत्र तैयार किए जाएंगे, जिससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस योजना में कांके रोड, मोरहाबादी, कोकर, लालपुर, कचहरी चौक, करमटोली चौक, डोरंडा और खेलगांव समेत शहर के कई प्रमुख स्थान शामिल हैं। नगर निगम के अनुसार, इससे पहले भी शहर के 19 स्थलों पर ग्रीन पैच विकसित किए जा चुके हैं। अब 24 नए स्थलों पर हरियाली बढ़ाने की तैयारी है।
ग्रीन पैच के रखरखाव पर भी रहेगा जोर
नगर निगम ने केवल ग्रीन पैच विकसित करने ही नहीं, बल्कि उनके नियमित रखरखाव और संरक्षण की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है। इसके तहत हरित क्षेत्रों की देखभाल की जाएगी, ताकि पौधे सुरक्षित रहें और शहर में हरियाली लंबे समय तक बनी रहे।
वहीं, नगर निगम ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे पौधों और हरित क्षेत्रों को नुकसान न पहुंचाएं। शहर को हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों से इस पहल में सहयोग करने की अपील की गई है।


