महाराष्ट्र से मजदूरी के लिए गुजरात आए परिवार के तीन सदस्यों के शव बरामद, 13 वर्षीय बच्चे ने तैरकर बचाई जान; दो बच्चे अब भी लापता, चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज।
सूरत (गुजरात): गुजरात के सूरत जिले के बारडोली तालुका में मजदूरी करने आए महाराष्ट्र के एक परिवार के साथ कथित तौर पर बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। आरोप है कि कुछ लोगों ने परिवार के सदस्यों को अगवा कर उकाई-काकरापार नहर में फेंक दिया। इस घटना में मां-पिता और उनकी एक बेटी की मौत हो गई। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, परिवार के 13 वर्षीय बेटे ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली। परिवार के दो अन्य बच्चे अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
मजदूरी के लिए सूरत जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एरंडोल इलाके में रहने वाला यह परिवार 21 नवंबर को मजदूरी करने के लिए कार से गुजरात के सूरत जा रहा था। इसी दौरान बारडोली तालुका के उवा-सेजवाड़ गांव के पास दूसरी कार में सवार कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि इसके बाद परिवार के सदस्यों को अलग-अलग वाहनों में बैठाया गया और उकाई-काकरापार नहर के पास ले जाया गया। वहां उन्हें गहरे पानी में फेंक दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
13 वर्षीय बच्चे ने तैरकर बचाई जान
नहर में फेंके जाने के बाद परिवार का 13 वर्षीय बच्चा किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा। इसके बाद वह पास के एक होटल पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। होटल के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।
मां-पिता और बेटी के शव बरामद, दो बच्चे लापता
पुलिस और बचाव दल की ओर से चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान महुवा तालुका के डूंगरी गांव के पास नहर से तीन शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान कविता पाटिल, नितिन उर्फ भूरिया पाटिल और उनकी छोटी बेटी के रूप में हुई है। हालांकि, परिवार के दो अन्य बच्चे अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने खंडियो, आभो, बंटी और एक अज्ञात व्यक्ति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश और लापता बच्चों को खोजने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ एलसीबी और एसओजी की विशेष टीमों को लगाया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि परिवार को निशाना बनाने के पीछे पुरानी रंजिश थी या कोई अन्य विवाद। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और लापता बच्चों की तलाश पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती है।


