बोकारो: बोकारो के बारी को-ऑपरेटिव इलाके में जोरदार धमाके से एक मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। गेट नंबर 95 के पास हुई इस घटना में मकान के दो कमरे, किचेन और बाथरूम क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घर की बाउंड्री वॉल टूट गई और दरवाजे-खिड़कियां भी उखड़ गईं। घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
पीएनजी गैस पाइपलाइन में लीकेज की आशंका
प्रारंभिक तौर पर धमाके के पीछे इंडियन ऑयल की पीएनजी गैस पाइपलाइन में लीकेज की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। धमाका किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या वजह थी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
तकनीकी जांच के बाद सामने आएगी वजह
घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच जरूरी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि धमाका गैस पाइपलाइन में संभावित लीकेज के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
