फरवरी 2027 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले टेस्ट के वेन्यू को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच JSCA सचिव सौरभ तिवारी ने स्पष्ट किया है कि रांची से टेस्ट हटाए जाने की कोई आधिकारिक सूचना उन्हें नहीं मिली है। एक निजी मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस संबंध में अब तक कोई पत्र नहीं आया है।
सौरभ तिवारी ने क्या कहा
तिवारी के मुताबिक बीसीसीआई के आधिकारिक कार्यक्रम में पांच मैचों की सीरीज का चौथा टेस्ट 19 से 23 फरवरी 2027 तक रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में ही निर्धारित है। उन्होंने कहा कि अगर बीसीसीआई ने वेन्यू बदलने को लेकर कोई पत्र भेजा है, तो सचिव होने के नाते वह उनके पास आना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि JSCA की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में भी रांची से टेस्ट हटाने पर कोई चर्चा नहीं हुई।
BCCI सचिव सैकिया ने भी किया खंडन
जेएससीए सचिव के बयान के बाद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी वेन्यू बदलने की खबरों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह मुकाबला 19 से 23 फरवरी 2027 तक रांची में ही निर्धारित है। सैकिया के अनुसार मैच अभी करीब छह महीने दूर है और बोर्ड को वेन्यू बदलने का कोई अनुरोध नहीं मिला है।
चर्चा क्यों शुरू हुई
पिछले दिनों कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि फरवरी में रांची में जल्दी अंधेरा हो जाता है, जिससे टेस्ट के दौरान निर्धारित 90 ओवर पूरे कराने में परेशानी हो सकती है। इसी वजह से वेन्यू बदलने की चर्चा शुरू हुई और कुछ मीडिया रिपोर्टों में रांची की जगह दूसरे शहरों पर विचार की बात कही गई। हालांकि एजीएम में इस मुद्दे पर कोई बात नहीं हुई।
चौथे टेस्ट की मेजबानी रांची के पास
बीसीसीआई ने 2026-27 के घरेलू सत्र के कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज में रांची को चौथे टेस्ट की मेजबानी दी है। मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।
सीरीज का पूरा शेड्यूल
पहला टेस्ट: 21-25 जनवरी 2027, नागपुर
दूसरा टेस्ट: 29 जनवरी-2 फरवरी 2027, चेन्नई
तीसरा टेस्ट: 11-15 फरवरी 2027, गुवाहाटी
चौथा टेस्ट: 19-23 फरवरी 2027, रांची
पांचवां टेस्ट: 27 फरवरी-3 मार्च 2027, अहमदाबाद
10 साल बाद रांची में फिर भिड़ेंगी दोनों टीमें
रांची को 2027 में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट की मेजबानी मिली है। इससे पहले यहां भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट 2017 में खेला गया था, जो ड्रॉ रहा था। अब करीब 10 साल बाद दोनों टीमें एक बार फिर इस मैदान पर टेस्ट में आमने-सामने होंगी।



