-बीसीसीआई ने जारी की रजिस्टर्ड खिलाड़ियों की सूची, 939 भारतीय और 281 विदेशी क्रिकेटर मैदान में, अनकैप्ड खिलाड़ियों की संख्या सबसे अधिक
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सीजन (IPL 2027) का खुमार अभी से सिर चढ़कर बोलने लगा है। सभी दस फ्रेंचाइजियों द्वारा रिटेंशन लिस्ट जारी किए जाने के बाद अब टीमों में महज 66 खिलाड़ियों की जगह बची है, लेकिन इन सीमित slots को भरने के लिए 1,220 खिलाड़ियों ने अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को मिनी ऑक्शन के लिए रजिस्टर कराने वाले खिलाड़ियों की देशवार सूची जारी कर दी है। इस बार ऑक्शन में 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ियों ने अपना नाम दर्ज कराया है।
अनकैप्ड खिलाड़ियों का बोलबालाः
बीसीसीआई द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस बार रजिस्ट्रेशन कराने वालों में ‘अनकैप्ड’ (जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है) खिलाड़ियों की संख्या सर्वाधिक है। कुल 1,220 खिलाड़ियों में 994 अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, 184 ‘कैप्ड’ (अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले) क्रिकेटर और एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ियों ने भी नीलामी में उतरने की इच्छा जताई है।
विदेशी खेमे में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का दबदबाः
विदेशी खिलाड़ियों की बात करें तो सबसे ज्यादा 53 क्रिकेटर ऑस्ट्रेलिया से हैं। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका (40), वेस्टइंडीज (36), न्यूजीलैंड (25), अफगानिस्तान (23) और श्रीलंका (21) के खिलाड़ियों का नंबर आता है। इसके अलावा इंग्लैंड के 16, बांग्लादेश के 12, आयरलैंड के 7 और जिम्बाब्वे के 6 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
एसोसिएट देशों की भागीदारी:
एसोसिएट देशों में अमेरिका के सर्वाधिक 13 खिलाड़ी सूची में हैं। यूएई और नेपाल के 10-10, नीदरलैंड के 3, जबकि कनाडा, जापान और स्कॉटलैंड के 2-2 क्रिकेटर शामिल हैं।
4 दिसंबर को जारी होगी अंतिम सूचीः
रजिस्ट्रेशन कराने वाले सभी 1,220 खिलाड़ी सीधे नीलामी टेबल पर नहीं जाएंगे। बीसीसीआई ने यह पूरी लिस्ट सभी दस फ्रेंचाइजियों को सौंप दी है। अब फ्रेंचाइजियां अपनी जरूरत के हिसाब से पसंदीदा खिलाड़ियों के नाम आयोजकों को भेजेंगी। छंटनी के बाद 4 दिसंबर को फाइनल ऑक्शन लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले मिनी ऑक्शन में सभी टीमें इन 66 खाली जगहों को भरने के लिए करोड़ों की बोली लगाएंगी।
