Friday, November 27
झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन ने खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और ‘गुरुजी खिलाड़ी चिकित्सा बीमा योजना’ शुरू करने की रखी मांग

रांची। न्यूजीलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लॉन बॉल्स प्रतियोगिता में जीत हासिल कर स्वदेश लौटी भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ मधुकांत पाठक के नेतृत्व में पहुंचे इन खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ने शानदार उपलब्धि की बधाई दी और भविष्य में भी देश व राज्य का मान बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डॉ मधुकांत पाठक ने राज्य में खेलों के समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री को एक 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने, लॉन बॉल्स, वुशु और एथलेटिक्स के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित करने तथा राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के लिए अलग नीति बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अतिरिक्त, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की नकद पुरस्कार राशि में संशोधन करने और राज्य खेल पुरस्कार शुरू करने की मांग भी की गई है।

खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ज्ञापन में ‘गुरुजी खिलाड़ी चिकित्सा बीमा योजना’ शुरू करने का सुझाव दिया गया है। इसके तहत खिलाड़ियों को कैशलेस इलाज, खेल के दौरान लगने वाली चोटों के उपचार, सर्जरी और पुनर्वास की सुविधा मिल सकेगी। साथ ही, हर दो वर्ष में राज्य स्तरीय खेलों के आयोजन, 15 नवंबर को स्थापना दिवस पर वार्षिक मैराथन, खेल सलाहकार समिति के गठन और प्रदर्शन के आधार पर खेल संघों की ग्रेडिंग प्रणाली लागू करने की बात कही गई है।

डॉ पाठक ने कहा कि 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों को ध्यान में रखते हुए राज्य की प्रतिभाओं को अभी से अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, रोजगार और चिकित्सा सुरक्षा देनी होगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने और खेलों के विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Share.
Next Story
फिल्म निर्माण का नया हब बनेगा झारखंड: आशुतोष गोवारिकर और हैदराबाद के फिल्ममेकर ने दिखाई रुचि
Exit mobile version