-आर्थिक तंगी से निबटने के लिए रांची नगर निगम सख्त, बकायेदारों को नोटिस देकर शुरू होगा विशेष वसूली अभियान
रांची। राजधानी की शहरी व्यवस्था संभालने वाला रांची नगर निगम इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। निगम की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। एक ओर शहर में सड़क, नाली, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और दूसरी बुनियादी सुविधाओं पर खर्च का दबाव बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर निगम के राजस्व का प्रमुख स्रोत होल्डिंग टैक्स अपेक्षित स्तर पर नहीं पहुंच रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह शहर के भवन मालिकों की टैक्स भुगतान के प्रति उदासीनता है। निगम में करीब तीन लाख होल्डिंगधारक पंजीकृत हैं, लेकिन इनमें महज 37 प्रतिशत यानी करीब 1.11 लाख लोग ही नियमित रूप से टैक्स जमा कर रहे हैं। शेष 63 प्रतिशत यानी लगभग 1.89 लाख भवन मालिकों के नियमित भुगतान नहीं करने से निगम का राजस्व प्रभावित हो रहा है। आर्थिक तंगी और बकाया राशि की बढ़ती चुनौती को देखते हुए अब निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाने का फैसला किया है। ऐसे बकायेदारों से मूल टैक्स के साथ तीन गुना तक पेनल्टी वसूलने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए बकायेदारों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार की जा रही है। निगम की रणनीति है कि पहले संबंधित करदाताओं को नोटिस जारी किया जाये। इसके बाद भी भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्ती बरती जाये।
तीन लाख में 1.11 लाख ही नियमित करदाताः
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में करीब तीन लाख हाउसहोल्डर यानी भवन मालिक पंजीकृत हैं। इनमें से लगभग 37 प्रतिशत, यानी करीब 1.11 लाख लोग ही नियमित रूप से होल्डिंग टैक्स जमा कर रहे हैं। वहीं, करीब 1.89 लाख भवन मालिक नियमित भुगतान की श्रेणी में नहीं हैं। इस तरह शहर के प्रत्येक 100 होल्डिंगधारकों में से लगभग 63 लोग टैक्स भुगतान के मामले में पीछे हैं। यह स्थिति निगम के लिए बड़ी चुनौती बन गयी है। समय पर टैक्स नहीं मिलने से न केवल राजस्व संग्रह प्रभावित हो रहा है, बल्कि शहर की विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधनों पर भी दबाव बढ़ रहा है।
विकास कार्यों पर पड़ रहा असरः
होल्डिंग टैक्स नगर निगम की आय का महत्वपूर्ण स्रोत है। इसी राजस्व से शहर की साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, नालियों की सफाई, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। इसके अलावा विभिन्न शहरी विकास कार्यों के संचालन में भी निगम को आर्थिक संसाधनों की जरूरत होती है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों द्वारा टैक्स जमा नहीं करने से निगम के सामने वित्तीय प्रबंधन की चुनौती खड़ी हो रही है। एक ओर शहर की आबादी और क्षेत्रफल के साथ नागरिक सुविधाओं की मांग बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर राजस्व वसूली अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पा रही है।
अपील के बाद अब कार्रवाई की तैयारीः
निगम प्रशासन की ओर से समय-समय पर करदाताओं से होल्डिंग टैक्स जमा करने की अपील की जाती रही है। इसके बावजूद भुगतान की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। अब निगम बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाने की तैयारी में है। इस अभियान में लंबे समय से टैक्स नहीं देने वाले भवन मालिकों पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। निगम का प्रयास है कि बकाया राजस्व की वसूली कर आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जाये, ताकि विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य प्रभावित न हों।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि राजस्व वसूली के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सख्ती जरूरी है। आने वाले दिनों में होल्डिंग टैक्स वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे समय पर अपना होल्डिंग टैक्स जमा करें। इससे निगम को शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को पूरा करने में सहूलियत मिलेगी।
