रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए निर्वाचन आयोग ने सख्ती बढ़ा दी है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे एसआईआर कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी 30 नवंबर तक हर हाल में शत-प्रतिशत सुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।
41 विधानसभा क्षेत्रों में 93 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा:
समीक्षा बैठक के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 41 विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई का कार्य संतोषजनक रहा है, जहां 93 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। हालांकि, शेष 40 विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं, जहां सुनवाई का प्रतिशत इससे कम दर्ज किया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इन 40 क्षेत्रों में कम सुनवाई प्रतिशत के कारणों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों के निष्पादन में आ रही व्यावहारिक और तकनीकी बाधाओं की तत्काल पहचान की जाए और उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
व्यक्तिगत स्तर पर सत्यापन और नियमानुसार निष्पादन पर जोर:
के. रवि कुमार ने कहा कि जिन मामलों का निष्पादन अभी तक नहीं हो पाया है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं व्यक्तिगत स्तर पर क्षेत्र का सर्वेक्षण और सत्यापन करते हुए लंबित मामलों की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करें, ताकि शेष बचे मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन हो सके।
नए युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष प्रयास:
समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची की शुद्धता और समावेशिता पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सुपर चेकिंग के दौरान ‘होम टू रोल वेरीफिकेशन’ (घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन) करते समय इस बात का खास ध्यान रखा जाए कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से सम्मिलित हो। इसके लिए जमीनी स्तर पर विशेष प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र युवा मताधिकार से वंचित न रहे।
