रांची। झारखंड के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आइटीआइ) में शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए नामांकन प्रक्रिया विधिवत शुरू हो गई है। श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशालय ने स्टेट काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (एससीवीटी) के तहत राज्य के सभी संस्थानों और विभिन्न व्यवसायों में नामांकन का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। जारी निर्देश के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर तक अपने पसंदीदा आइटीआइ संस्थान और ट्रेड के विकल्पों का चयन ऑनलाइन माध्यम से कर सकेंगे।
28 नवंबर को औपबंधिक और 1 दिसंबर को जारी होगी अंतिम मेधा सूचीः
निदेशालय द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, विकल्प चयन की प्रक्रिया पूरी होने के ठीक अगले दिन यानी 28 नवंबर को औपबंधिक (प्रोविजनल) मेधा सूची का प्रकाशन किया जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी को औपबंधिक राज्य मेधा सूची में दर्ज अपने प्राप्तांक, प्राप्तांक प्रतिशत, आरक्षण कोटि या अन्य किसी प्रविष्टि में कोई त्रुटि नजर आती है, तो वे 29 और 30 नवंबर को उसमें सुधार करा सकेंगे। सभी आपत्तियों और सुधारों के निराकरण के बाद 1 दिसंबर को अंतिम राज्य मेधा सूची जारी कर दी जाएगी।
3 से 7 दिसंबर तक सीट आवंटन और नामांकन प्रक्रियाः
अंतिम मेधा सूची के प्रकाशन के पश्चात 3 दिसंबर से 7 दिसंबर तक चयनित अभ्यर्थियों को सीट आवंटन और संबंधित संस्थानों में नामांकन लेने का अवसर मिलेगा। निदेशालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर विकल्प चयन, त्रुटि सुधार और नामांकन से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी कर लें।
