रांची। ISC बोर्ड की 12वीं की परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस बार परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेंगी। यानी विद्यार्थियों को करीब दो महीने तक अलग-अलग विषयों की परीक्षा देनी होगी। बोर्ड ने सिर्फ परीक्षा की तारीखें ही नहीं बताई हैं, बल्कि परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कई सख्त नियम भी लागू किए हैं।
इस बार परीक्षा में तकनीक के दुरुपयोग को रोकने पर विशेष जोर दिया गया है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, स्मार्ट रिंग, वायरलेस ईयरबड्स और AI स्मार्ट चश्मे जैसे आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। ऐसे में विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ बोर्ड के दिशा-निर्देशों का भी ध्यान रखना होगा।
सुबह 9 बजे और दोपहर 2 बजे होगी परीक्षा, 15 मिनट मिलेगा प्रश्न-पत्र पढ़ने का समय
CISCE की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, अधिकांश विषयों की परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, आर्ट्स के कुछ पेपर सुबह 9 बजे से होंगे। विद्यार्थियों को प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। दोपहर 2 बजे की परीक्षा के लिए प्रश्न-पत्र 1:45 बजे और सुबह 9 बजे की परीक्षा के लिए 8:45 बजे उपलब्ध कराया जाएगा।
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा कक्ष में अपनी जगह लेनी होगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि समय का पालन करना विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य होगा।
फरवरी में इंग्लिश, इकोनॉमिक्स और केमिस्ट्री, मार्च में मैथ्स-बायोलॉजी की परीक्षा
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, 9 फरवरी को एनवायरनमेंटल साइंस और वेस्टर्न म्यूजिक से परीक्षा की शुरुआत होगी। 10 फरवरी को इंग्लिश पेपर-1, 15 फरवरी को इंग्लिश पेपर-2 और 18 फरवरी को इकोनॉमिक्स की परीक्षा होगी। 24 फरवरी को केमिस्ट्री और 26 फरवरी को अकाउंटेंसी का पेपर आयोजित किया जाएगा।
मार्च में मुख्य विषयों की परीक्षाएं होंगी। 1 मार्च को गणित, 3 मार्च को फिजिकल एजुकेशन, 8 मार्च को फिजिक्स, 12 मार्च को भूगोल, 15 मार्च को बायोलॉजी, 17 मार्च को कंप्यूटर साइंस और 19 मार्च को इतिहास की परीक्षा होगी। वहीं, 25 मार्च को सोशियोलॉजी, 29 मार्च को कॉमर्स और 31 मार्च को साइकोलॉजी का पेपर होगा।
अप्रैल में 2 अप्रैल को पॉलिटिकल साइंस, 5 अप्रैल को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट, 6 अप्रैल को इलेक्टिव इंग्लिश तथा 8 अप्रैल को लीगल स्टडीज की परीक्षा के साथ बोर्ड परीक्षा समाप्त होगी।
परीक्षा केंद्र में क्या ले जा सकेंगे और किन चीजों पर रहेगी रोक?
बोर्ड ने परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित और अनुमत वस्तुओं को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विद्यार्थी अपने साथ एडमिट कार्ड, नीले या काले पेन, पेंसिल, स्केल, इरेजर और शार्पनर ले जा सकेंगे। इसके अलावा Casio fx-82 MS या इसी तरह की सामान्य सुविधाओं वाले कैलकुलेटर की अनुमति होगी।
हालांकि, मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, स्मार्ट रिंग, फिटनेस बैंड, वायरलेस ईयरबड्स, ब्लूटूथ डिवाइस और इंटरनेट से जुड़ने वाले उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। AI स्मार्ट चश्मे, स्कैनर पेन, ट्रांसलेशन पेन और रिकॉर्डिंग पेन भी परीक्षा केंद्र में नहीं ले जा सकेंगे। किताबें, नोट्स और कागज की पर्चियां रखने पर भी रोक रहेगी।
यूनिफॉर्म में परीक्षा देंगे नियमित छात्र, सीसीटीवी से होगी निगरानी
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से परीक्षार्थियों और परीक्षा से जुड़े अधिकारियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। केंद्र प्रमुखों को प्रतिबंधित वस्तुओं की जांच के लिए विद्यार्थियों की तलाशी लेने का अधिकार भी दिया गया है।
नियमित विद्यार्थियों को अपने स्कूल की निर्धारित यूनिफॉर्म में परीक्षा देनी होगी। वहीं, गैर-नियमित परीक्षार्थियों को हल्के रंग के शालीन कपड़े पहनकर परीक्षा में शामिल होना होगा।
नकल करते पकड़े गए तो रद्द हो सकता है परीक्षा परिणाम
बोर्ड ने अनुचित साधनों के इस्तेमाल को लेकर सख्त चेतावनी दी है। उत्तर-पुस्तिका में जवाब केवल नीले या काले पेन से लिखने होंगे। पेंसिल का इस्तेमाल सिर्फ डायग्राम बनाने के लिए किया जा सकेगा। कॉपी के पहले पेज पर यूनिक आईडी, इंडेक्स नंबर और विषय का नाम स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य होगा।
नकल करने, अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने या किसी दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फर्जी पहचान पत्र के साथ पकड़े जाने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा से निष्कासित करने के साथ पुलिस के हवाले भी किया जा सकता है।
तीन विषयों में सुधार का मिलेगा मौका, अप्रैल-मई में आ सकता है रिजल्ट
ISC 2027 का परिणाम अप्रैल या मई में जारी होने की संभावना है। विद्यार्थी CISCE की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। परिणाम से असंतुष्ट परीक्षार्थियों को रीचेक और पुनर्मूल्यांकन का विकल्प भी मिलेगा। रीचेक के लिए परिणाम जारी होने के चार दिनों के भीतर, जबकि पुनर्मूल्यांकन के लिए तीन दिनों के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
इसके अलावा, जिन विद्यार्थियों को अपने अंकों में सुधार करना है, वे अधिकतम तीन विषयों में इम्प्रूवमेंट परीक्षा दे सकेंगे। इसमें केवल थ्योरी की परीक्षा होगी। प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट में पहले प्राप्त अंकों को ही अंतिम परिणाम में जोड़ा जाएगा। बोर्ड के अनुसार, परिणाम घोषित होने के 60 दिनों बाद उत्तर-पुस्तिकाएं नष्ट कर दी जाएंगी।
