राज्य के हजारों प्रशिक्षित सहायक अध्यापकों यानी पारा शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है, जिसका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने प्रशिक्षित सहायक अध्यापकों के लिए तीसरी आकलन परीक्षा 2026 आयोजित करने की सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं और इस संबंध में अहम सूचना जारी कर दी है। यह परीक्षा राज्यभर के करीब 40 हजार पारा शिक्षकों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।

25 सितंबर से शुरू होगा ऑनलाइन आवेदन
जैक की सूचना के अनुसार, राज्यभर के प्रशिक्षित सहायक अध्यापक 25 सितंबर 2026 से तीसरी आकलन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 तय की गई है। जैक की विज्ञप्ति संख्या 61/2026 के मुताबिक, अभ्यर्थियों को परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in के माध्यम से ही अपना आवेदन ऑनलाइन भरना होगा।
अलग-अलग वर्गों के लिए तय हुई परीक्षा फीस
परीक्षा शुल्क की बात करें तो अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि अन्य सभी सामान्य अभ्यर्थियों को 750 रुपये का शुल्क भुगतान करना होगा। यह भुगतान ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के जरिए किया जा सकेगा। जैक ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि किसी अभ्यर्थी ने शुल्क जमा नहीं किया, तो उसका प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
विषय चयन में बरतें विशेष सावधानी
जैक ने आवेदकों को खास हिदायत देते हुए कहा है कि आवेदन फॉर्म भरते समय विषयों के चयन में पूरी सावधानी बरतनी होगी, क्योंकि एक बार चयन हो जाने के बाद उसमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा इस संबंध में किसी भी अभ्यावेदन पर भी विचार नहीं किया जाएगा। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथि और परीक्षा की वास्तविक तिथि जैक की ओर से बाद में अलग से जारी की जाएगी।
JTET उत्तीर्ण न करने वालों के लिए है यह मौका
बता दें कि यह आकलन परीक्षा विशेष रूप से उन प्रशिक्षित सहायक अध्यापकों के लिए आयोजित की जा रही है, जो अभी तक शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) उत्तीर्ण नहीं कर पाए हैं। सरकार की अधिसूचनाओं के तहत मानदेय वृद्धि के लिए इस आकलन परीक्षा का प्रावधान रखा गया है, जिसके अनुसार परीक्षा में सफल होने वाले पारा शिक्षकों के मानदेय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी।
जैक अध्यक्ष ने दी सावधानी बरतने की सलाह
जैक के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने कहा कि परीक्षा की पूरी प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के तहत आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन करते समय सभी जरूरी जानकारी और विषयों का चयन बेहद सावधानीपूर्वक करें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसे भी पढ़े: संताली सिनेमा के लिए गर्व का पल , फिल्म ‘आंगेन’ के निर्देशक रवि राज मुर्मू को मिला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार



