रांची: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को विधानसभा घेराव के लिए जुटे छात्रों के बीच JLKM के डुमरी विधायक जयराम महतो भी पहुंचे। विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से उन्होंने मुलाकात की और आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की।
इस दौरान आंदोलनकारी छात्रों ने जयराम महतो के सामने JPSC-JSSC परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों, भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं और अपनी विभिन्न मांगों को रखा। छात्रों ने अपनी समस्याओं और आंदोलन की वजहों से विधायक को अवगत कराया।
जयराम महतो ने छात्रों की बातों को सुना और उनके आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। विधानसभा के बाहर जारी प्रदर्शन के बीच विधायक की छात्रों से यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा की ओर बढ़ रहे हैं।
JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पिछले कई दिनों से छात्र आंदोलनरत हैं। सोमवार को आंदोलनकारियों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था, जिसके बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।
विधानसभा के बाहर छात्रों और पुलिस के बीच कई जगहों पर टकराव की स्थिति भी बनी है। ऐसे में जयराम महतो का प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच पहुंचना आंदोलन के बीच एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़े – वाटर कैनन के बावजूद नहीं रुके छात्र, 8वीं बैरिकेडिंग भी टूटी
