जमशेदपुर: सोनारी के बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने चार साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और दीपु ओझा को छत्तीसगढ़ के रायपुर में टोल प्लाजा के पास पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, चारों ने फायरिंग की साजिश में भूमिका निभाई थी, लेकिन रेस्टोरेंट में जाकर गोली चलाने वालों में वे शामिल नहीं थे।

एक गाड़ी खराब हुई, दूसरी से भाग रहे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद चारों आरोपी दो गाड़ियों से जमशेदपुर से बाहर निकले। रास्ते में एक गाड़ी खराब हो गई, जिसके बाद सभी दूसरी गाड़ी में सवार होकर आगे बढ़े। आरोपियों के छत्तीसगढ़ की ओर जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने वहां निगरानी बढ़ाई और रायपुर के पास टोल प्लाजा पर उन्हें पकड़ लिया।
फायरिंग के बाद एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर SIT गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज के साथ आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को उनके रायपुर की ओर जाने का सुराग मिला, जिसके बाद गिरफ्तारी हुई।
जमीन और रेलवे ठेकेदारी विवाद की भी जांच
पुलिस फायरिंग के पीछे जमीन कारोबार और रेलवे ठेकेदारी से जुड़े विवाद के पहलुओं की जांच कर रही है। पुरानी रंजिश और वर्चस्व से जुड़े बिंदुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घायल डोमनिक सैमसन का रेलवे ठेकेदारी में वर्चस्व को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है, जबकि घायल रिजवान के जमीन कारोबार से जुड़े होने की जानकारी भी जांच में शामिल है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की योजना किसने बनाई, हमलावरों को किसने भेजा और हथियार समेत अन्य इंतजाम किसने किए।
रेस्टोरेंट में 11 राउंड फायरिंग, चार लोग हुए थे घायल
शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद समेत अन्य लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान बाइक से तीन युवक पहुंचे। दो अंदर गए और फायरिंग शुरू कर दी, जबकि तीसरा बाइक के पास रुका रहा।
पुलिस के अनुसार, करीब 11 राउंड फायरिंग में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी घायल हुए थे। सभी को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था।
अब चार साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद पुलिस फायरिंग करने वाले आरोपियों और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इसे भी पढ़े – ‘सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है…’ 28 सितंबर 1907 को जन्मे भगत सिंह ने ऐसे लिखी इंकलाब की कहानी


