Tuesday, October 13

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले के पावर प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है। बता दे यह हादसा शुक्रवार देर रात बरकाकाना थाना क्षेत्र के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात कंपनी के पावर प्लांट में बॉयलर में विस्फोट से हुआ। मौके पर ही तीन इंजीनियरों की मौत हो गई और एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में फैक्ट्री के शिफ्ट इंचार्ज संजीव कुमार केसरी (50, रांची), विनीत महतो (25, बोकारो) और अभिषेक पांडेय (24, गढ़वा) शामिल हैं। घायल कर्मचारी तरुण रजवार (हजारीबाग निवासी) को बेहतर इलाज के लिए रांची रोड स्थित द हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

मौके पर पहुंची बरकाकाना पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बरकाकाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी उमाशंकर वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्लांट सिस्टम में तापमान बहुत ज्यादा बढ़ जाने से तकनीकी खराबी आई, जिसके बाद सुरक्षा प्रणाली (प्रोटेक्शन सिस्टम) ने काम करना बंद कर दिया और टर्बाइन की गति असामान्य रूप से बढ़ने से विस्फोट हुआ। हालांकि हादसे का सही कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।

कर्मचारियों का आरोप है….

घटना के बाद फैक्ट्री के कर्मचारियों और मजदूरों में गुस्सा है। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरती। उनका कहना है कि कंट्रोल रूम में काफी समय से तापमान बढ़ रहा था और वहां का एसी भी खराब पड़ा था, जिसकी शिकायत बार-बार प्रबंधन से की गई थी, लेकिन कूलिंग सिस्टम को समय रहते ठीक नहीं किया गया। कर्मचारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और घायल कर्मचारी के समुचित इलाज की मांग की है।

Share.
Next Story
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए फिर खुला ई-कल्याण पोर्टल, छूटे विद्यार्थियों को दोबारा आवेदन का मौका
Exit mobile version