झारखंड के सरकारी विश्वविद्यालयों और अंगीभूत कॉलेजों में उच्च शिक्षा हासिल करने का सपना देख रहे विद्यार्थियों की राह में एक नया तकनीकी रोड़ा खड़ा हो गया है। अब चांसलर पोर्टल के जरिए नामांकन लेने वाले हर छात्र के लिए 12 अंकों की विशिष्ट डिजिटल शैक्षणिक पहचान यानी ‘अपार आईडी’ (Automated Permanent Academic Account Registry) होना अनिवार्य कर दिया गया है। लेकिन सिस्टम की सुस्ती और तकनीकी अड़चनों ने हजारों विद्यार्थियों की नींद उड़ा दी है।
राज्य के नौ प्रमुख सरकारी विश्वविद्यालयों से सामने आए ताजा आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,74,121 नामांकित विद्यार्थियों में से 80,519 छात्रों की अपार आईडी अब तक लंबित पड़ी है। आलम यह है कि आईडी न होने या फिर विश्वविद्यालयों द्वारा इसे समय पर पोर्टल पर अपलोड न किए जाने के कारण इन तमाम विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन (पंजीकरण) पूरी तरह से रुक गया है। नामांकन तो हो चुका है, लेकिन पंजीकरण न होने से इन युवाओं की आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया और भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों ने युद्ध स्तर पर इस डिजिटल पहचान को अपलोड करने का काम पूरा नहीं किया, तो आने वाले समय में इन छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने और सत्र नियमित रखने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
लंबित मामलों के लिहाज से हजारीबाग स्थित विनोबा भावे विश्वविद्यालय (वीबीयू) की स्थिति सबसे चिंताजनक है। यहां सर्वाधिक 46,686 नामांकन हुए, लेकिन केवल 19,063 (आंकड़ों में 19,53 दर्ज) का ही सत्यापन हो पाया है और 27,623 मामले लंबित हैं। दूसरे स्थान पर रांची विश्वविद्यालय है, जहां 35,176 नामांकनों में से 13,910 का सत्यापन हुआ है और 21,266 छात्रों का वेरिफिकेशन अटका पड़ा है। तीसरे पायदान पर धनबाद का बीबीएमकेयू है, जहां 27,719 नामांकनों के विरुद्ध 10,383 सत्यापित हुए हैं और 11,336 मामले लंबित हैं।
अन्य विश्वविद्यालयों में भी हजारों मामले पेंडिंग हैं। पलामू के एनपीयू में 18,061 नामांकनों में से 11,127 के सत्यापन के बाद 6,934, दुमका के एसकेएमयू में 29,586 में से 23,084 सत्यापित होने के बाद 6,502 और कोल्हान विश्वविद्यालय में 16,907 में से 10,743 सत्यापित होने के बाद 6,164 मामले लंबित हैं।
छोटे विश्वविद्यालयों का प्रदर्शन तुलनात्मक रूप से बेहतर रहा है। जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में 2,195 नामांकनों में से 1,845 का सत्यापन पूरा हो चुका है और महज 349 मामले शेष हैं। रांची के डीएसपीएमयू में 3,542 में से 3,313 सत्यापित हुए हैं और केवल 229 लंबित हैं। वहीं झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में 249 नामांकनों में से 133 का सत्यापन हुआ है और 116 मामले बाकी हैं।
विवि-वार नामांकन, सत्यापन और लंबित आंकड़े :
विनोबा भावे विवि: कुल नामांकन 46,686 | सत्यापित 19,063 | लंबित मामले 27,623
रांची विश्वविद्यालय: कुल नामांकन 35,176 | सत्यापित 13,910 | लंबित मामले 21,266
बीबीएमकेयू: कुल नामांकन 27,719 | सत्यापित 10,383 | लंबित मामले 11,336
एनपीयू: कुल नामांकन 18,061 | सत्यापित 11,127 | लंबित मामले 6,934
एसकेएमयू: कुल नामांकन 29,586 | सत्यापित 23,084 | लंबित मामले 6,502
कोल्हान विश्वविद्यालय: कुल नामांकन 16,907 | सत्यापित 10,743 | लंबित मामले 6,164
जमशेदपुर वीमेंस विवि: कुल नामांकन 2,195 | सत्यापित 1,845 | लंबित मामले 349
डीएसपीएमयू: कुल नामांकन 3,542 | सत्यापित 3,313 | लंबित मामले 229
रक्षा शक्ति विवि: कुल नामांकन 249 | सत्यापित 133 | लंबित मामले 116
