सूरत में चलती कार पर गिरा विशालकाय पेड़, पांच लोग सुरक्षित
गुजरात के सूरत में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शहर के सिटीलाइट इलाके में SBI सर्कल के पास सड़क से गुजर रही एक कार पर अचानक विशालकाय पेड़ गिर पड़ा। हादसा इतना अचानक हुआ कि कार में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कार में मौजूद पांचों लोग सुरक्षित बच गए।
जानकारी के मुताबिक, कार में चार महिलाएं और एक पुरुष सवार थे। पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पेड़ को हटाकर रास्ता साफ कराया।
इस पूरी घटना का वीडियो घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। अब हादसे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
