फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की उद्योग, एमएसएमई एवं एनर्जी उप समितियों की संयुक्त बैठक चैंबर भवन में आयोजित की गई। इसमें राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर गहन मंथन हुआ।
इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा और सचिव से वार्ताः
बैठक में राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों (इंडस्ट्रियल एरिया) का चरणबद्ध दौरा करने का निर्णय लिया गया। इंडस्ट्री उप समिति की चेयरपर्सन ज्योति कुमारी ने बताया कि उद्योग निदेशक के समन्वय से जमीनी समस्याओं का आकलन कर उन्हें उद्योग सचिव के समक्ष रखा जाएगा। चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि नए निवेश के लिए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है और चैंबर सरकार व उद्योग जगत के बीच सेतु का काम करेगा। उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, रोहित पोद्दार और सह सचिव पूजा ढाढा ने विभागीय संवाद व छोटे उद्यमियों के मार्गदर्शन पर जोर दिया।
नेट मीटरिंग और डीवीसी कनेक्शन की मांगः
एनर्जी उप समिति के चेयरमैन अजय भंडारी ने नेट मीटरिंग के आवेदनों पर एनओसी मिलने में होने वाली देरी पर चिंता जताते हुए प्रक्रिया को ऑनलाइन और समयबद्ध करने की मांग की। सदस्य बिनोद तुलस्यान और शशांक भरद्वाज ने डीवीसी द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को भी बिजली कनेक्शन देने का सुझाव रखा, जिससे जेबीवीएनएल का भार कम हो सके। पूर्व अध्यक्ष दीपक मारु ने सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने की बात कही।
एमएसएमई की चुनौतियां और ईज ऑफ डूइंग बिजनेसः
एमएसएमई उप समिति की चेयरपर्सन नीतू कुमारी ने अनावश्यक प्रक्रियागत जटिलताओं को कम कर ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। बैठक में बैंक ऋण, कच्चे माल की लागत, बाजार तक पहुंच और सरकारी योजनाओं के सरल क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। बैठक में राम बांगड़, मुकेश अग्रवाल, विजय कुमार, कविता प्रभात, आनंदेश्वर, अंजय पचेरिवाल, कार्तिक प्रभात, सुदीप चक्रबर्ती, आलोक सिंह, प्रमोद सारस्वत सहित कई सदस्य मौजूद थे।
