Friday, November 27

स्थापना दिवस के कार्यक्रम स्थगित करने और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को उचित सम्मान नहीं मिलने से नाराज संगठन; फिलहाल स्कूल बंद होने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं।

रांची। झारखंड में 28 नवंबर को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया गया है। विभिन्न आदिवासी संगठनों ने राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम स्थगित किए जाने और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को उचित सम्मान नहीं दिए जाने के विरोध में यह घोषणा की है। संगठनों ने आम लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की है।

स्थापना दिवस के कार्यक्रम स्थगित करने पर जताई नाराजगी

आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि सीता कच्छप, आकाश तिर्की, विवेक तिर्की और राहुल तिर्की समेत अन्य नेताओं ने कहा कि झारखंड का गठन हजारों आंदोलनकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। ऐसे में 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम स्थगित करना और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के ऐतिहासिक महत्व को उचित सम्मान नहीं देना राज्य की अस्मिता और आंदोलनकारियों के बलिदान की अनदेखी है।

स्कूलों की छुट्टी को लेकर अब तक कोई आदेश जारी नहीं

28 नवंबर को प्रस्तावित झारखंड बंद के मद्देनजर स्कूलों में छुट्टी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, राज्य सरकार या शिक्षा विभाग की ओर से अब तक स्कूल बंद रखने को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। ऐसे में फिलहाल स्कूलों की छुट्टी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। अभिभावकों और विद्यार्थियों को इस संबंध में आधिकारिक सूचना का इंतजार है।

बंद को सफल बनाने की अपील

संगठन के नेताओं ने कहा कि इस फैसले से आदिवासी समाज और झारखंड आंदोलन से जुड़े लोगों में नाराजगी है। इसी के विरोध में 28 नवंबर को पूरे राज्य में बंद का आह्वान किया गया है। संगठनों ने लोगों से इस बंद का समर्थन करने की अपील की है।

 

Share.
Next Story
रांची विश्वविद्यालय में NSUI का जोरदार प्रदर्शन, डेटशीट और लंबित रिजल्ट जारी करने की मांग
Exit mobile version