झारखंड बॉलिंग एसोसिएशन ने 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स को लेकर अभी से कमर कस ली है। शनिवार को रांची स्थित झारखंड ओलिंपिक एसोसिएशन के कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में झारखंड बॉलिंग एसोसिएशन के सचिव मधुकांत पाठक ने इस दिशा में संघ की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
मधुकांत पाठक ने बताया
मधुकांत पाठक ने बताया कि 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स में इस खेल के तहत झारखंड की भागीदारी को अधिक से अधिक बढ़ाने के उद्देश्य से संघ ने पांच वर्षों की विस्तृत कार्य योजना तैयार की है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत राज्य सरकार के सहयोग से जल्द ही एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की जाएगी, जो खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में चयन तथा आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सफल भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण की कमान वर्ल्ड टॉप थ्री रह चुके और वर्तमान में विश्व के टॉप टेन खिलाड़ियों में शुमार दिनेश कुमार के हाथों में है, जिन्होंने अपने करियर में कई अंतरराष्ट्रीय खेलों में जीत दर्ज कर चुके हैं।
झारखंड बॉलिंग एसोसिएशन
प्रेसवार्ता के दौरान अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित झारखंड बॉलिंग एसोसिएशन के खिलाड़ी भी मौजूद रहे। बताया गया कि आगामी 5 से 16 नवंबर तक हांगकांग में आयोजित होने वाली हांगकांग क्लासिक चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए देशभर से कुल पांच खिलाड़ी जा रहे हैं, जिनमें एक पुरुष और एक महिला खिलाड़ी झारखंड से शामिल हैं।
इस मौके पर मौजूद चयनित खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास से भरे अंदाज में हांगकांग में बेहतरीन प्रदर्शन कर जीत हासिल करने का भरोसा जताया। झारखंड बॉलिंग एसोसिएशन का मानना है कि इस तरह की विशेष तैयारियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण से आने वाले वर्षों में झारखंड के खिलाड़ी वैश्विक मंच पर राज्य का नाम रोशन करेंगे।
इसे भी पढ़े – JSSC CGL चयनित अभ्यर्थियों ने रखी अपनी बात, बोले- दोषियों पर हो कार्रवाई, निर्दोषों की नौकरी न छीनी जाए
