रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को झारखंड कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में करीब दो दर्जन प्रस्तावों पर विचार किए जाने की संभावना है। सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी से जुड़ा प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, वित्त विभाग के दो प्रस्ताव कैबिनेट विभाग तक पहुंच चुके हैं।

इसके अलावा राज्य की चार सड़कों के पुनर्निर्माण से संबंधित प्रस्ताव भी बैठक के एजेंडे में शामिल हैं। सरकार की वर्षगांठ को देखते हुए इस कैबिनेट बैठक को खास माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इसमें विकास कार्यों और जनकल्याण से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
किसानों और आदिवासियों के लिए नई योजनाओं की उम्मीद
बैठक में किसानों और आदिवासी समुदाय को ध्यान में रखते हुए कुछ नई योजनाओं के प्रस्ताव भी रखे जाने की संभावना है। इसके साथ ही राज्य के लोगों को राहत देने और विकास कार्यों को गति देने से जुड़े अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है। अब सबकी नजरें कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं कि किन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है और सरकार कौन से नए फैसलों की घोषणा करती है।


