25% से अधिक कोयले की अवैध निकासी का विधायक ने किया दावा, ECCL और सुरक्षा एजेंसियों पर उठाए सवाल; BJP नेता भूपेंद्र सिंह ने कार्रवाई को बताया नौटंकी

कोयलांचल धनबाद के निरसा में अवैध कोयला खनन और तस्करी का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। राजा कोलियरी में कथित अवैध खनन को लेकर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने दोबारा मोर्चा खोल दिया है। विधायक ने कोलियरी के अवैध मुहाने का निरीक्षण कर वहां की स्थिति पर नाराजगी जताई और ECCL प्रबंधन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने दावा किया कि कोलियरी का 25 प्रतिशत से अधिक कोयला अवैध उत्खनन के जरिए निकाला जा चुका है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि मौजूदा हालात में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
अवैध खनन को लेकर विधायक ने प्रबंधन को घेरा
राजा कोलियरी के अवैध मुहाने का निरीक्षण करने पहुंचे अरूप चटर्जी ने आरोप लगाया कि इलाके में अवैध कोयला खनन का कारोबार लगातार जारी है। उनका दावा है कि अवैध उत्खनन का दायरा बढ़ते-बढ़ते निरसा बाजार तक पहुंच गया है। ऐसे में आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
विधायक ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत के बिना इतने बड़े पैमाने पर अवैध खनन संभव नहीं है। उन्होंने CISF की शीतलपुर टीम की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अवैध खनन रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
अरूप चटर्जी ने ECCL प्रबंधन से साफ कहा कि अगर अवैध खनन पर रोक लगाना संभव नहीं हो रहा है, तो कोलियरी को बंद किया जाए या फिर लगातार कार्रवाई कर इस गतिविधि पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। उन्होंने कहा कि केवल कुछ दिनों की कार्रवाई से कोयला चोरी का खेल बंद नहीं होगा।
पहले भी किया था निरीक्षण, फिर शुरू हुआ अवैध खनन!
विधायक के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी उन्होंने इसी अवैध मुहाने का निरीक्षण किया था। उस दौरान कार्रवाई के बाद कुछ दिनों तक अवैध गतिविधियां बंद रहीं, लेकिन बाद में फिर से खनन शुरू होने की शिकायत सामने आई।
उन्होंने दावा किया कि निरसा विधानसभा क्षेत्र के कई थाना और ओपी क्षेत्रों में रात के अंधेरे के साथ-साथ दिन के उजाले में भी अवैध कोयला उत्खनन और कारोबार जारी है। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी, तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
BJP का पलटवार, अरूप चटर्जी की कार्रवाई को बताया नौटंकी
राजा कोलियरी में विधायक के निरीक्षण के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह ने अरूप चटर्जी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे नौटंकी करार दिया।
भूपेंद्र सिंह ने पूछा कि जब अरूप चटर्जी सत्ता पक्ष में हैं और उनके आवास से कुछ ही दूरी पर कथित तौर पर वर्षों से अवैध खनन चल रहा है, तो अब तक इसे बंद क्यों नहीं कराया गया? उन्होंने विधायक के पुराने आंदोलनों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि सड़क पर उतरकर अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ अभियान चलाने के बावजूद निरसा में कोयला चोरी क्यों नहीं रुक सकी?
भाजपा नेता ने कहा कि केवल निरीक्षण करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। जनता को यह जानने का अधिकार है कि अगर अवैध खनन के कारण कोई बड़ा हादसा होता है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
कोयला चोरी पर सियासत तेज, कार्रवाई का इंतजार
फिलहाल राजा कोलियरी में कथित अवैध खनन को लेकर निरसा की राजनीति गरमा गई है। एक तरफ विधायक अरूप चटर्जी ECCL प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह विधायक से ही जवाब मांग रहे हैं।
इस पूरे मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजा कोलियरी में कथित अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए ठोस कार्रवाई कब होगी? क्या ECCL प्रबंधन और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां अवैध मुहानों को बंद करा पाएंगी या फिर कोयला चोरी का यह सिलसिला जारी रहेगा?


