राजमहल के टिक्काटोला गांव में शाम करीब 7:15 बजे हुई वारदात, पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद कर जांच शुरू की
साहिबगंज: जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में बदमाशों ने घर के दरवाजे पर खड़ी 15 वर्षीय किशोरी को गोली मार दी। गोली लगने से गौरी कुमारी घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोरी को राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना टिक्काटोला गांव में शाम करीब 7:15 बजे की है। गौरी अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी, तभी वहां पहुंचे बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली किशोरी के पैर में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोखा बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस ने किशोरी के परिजनों से भी पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई है।
प्रेम प्रसंग के पहलू से भी जांच
शुरुआती जानकारी में घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, किशोरी को गोली मारने के पीछे की असली वजह और हमलावरों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
फिलहाल घायल किशोरी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही वारदात के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

