रांची: रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद एक महिला की जान पर बन आई। आरोप है कि पति ने पत्नी को जान से मारने की नीयत से रात के अंधेरे में पुल से नीचे धकेल दिया। महिला पुल के नीचे गिरी, लेकिन बहते पानी के बीच एक टापू पर जाकर फंस गई। रातभर वह ठंड में टापू पर ही पड़ी रही। सुबह उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक, महिला सुबह घर से निकली थी। इसके बाद वह पुल के पास पहुंची, जहां पति ने उसे रात के अंधेरे में पुल के नीचे धकेल दिया। पानी के बहाव के साथ बहते हुए महिला एक टापू तक पहुंच गई और वहीं फंस गई।
रातभर ठंड में टापू पर फंसी रही महिला
पुल से नीचे गिरने के बाद महिला टापू पर तो पहुंच गई, लेकिन वहां से निकल नहीं सकी। रातभर वह खुले में ठंड से कांपती रही। सुबह तक उसकी हालत काफी बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।
सुबह ग्रामीणों की नजर महिला पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल उसे बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से महिला को टापू से सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर निकलते ही वह अपने घर चतरा चली गई।
चतरा की रहने वाली है महिला
बताया जा रहा है कि महिला मूल रूप से चतरा की रहने वाली है। घटना के बाद मामले की सूचना अनगड़ा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस महिला से पूछताछ और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगी है।
वजह का पता लगा रही पुलिस
अनगड़ा थाना पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर पति ने पत्नी को पुल से नीचे क्यों धकेला। पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह क्या थी और घटना के पीछे कोई अन्य कारण था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल महिला को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
