Saturday, November 28

झारखंड डिजिटल टीम के पड़ताल में चौंकाने वाले खुलासे

जिला परिषद की कार्यप्रणाली से जुड़े कई ऐसे तथ्य और शिकायतें जिनपर जांच जरुरी

विभागीय आदेशों के बावजूद कुछ जनसेवक वर्षों से जिला परिषद में जमे हुए

किसी को नाजीर का प्रभार तो किसी की लंबे समय से गैर-कृषि कार्यों में प्रतिनियुक्ति

कई बार आवेदन और शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं ?

पलामू में सरकारी आदेशों से ज्यादा भ्रष्टाचार का खुलासा

12,795.77 क्विंटल सरकारी अनाज का हिसाब गायब, दो एजीएम पर कार्रवाई और कंप्यूटर ऑपरेटर पर प्राथमिकी के बाद भी प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल…जिला परिषद में वर्षों से जमे जनसेवकों की प्रतिनियुक्ति और पदस्थापन का खेल उजागर, आखिर किसके इशारे पर चल रहा पूरा सिस्टम?

DRDA का जिला परिषद में विलय, पर्याप्त कर्मचारी मौजूद होने के बावजूद दूसरे विभागों के कर्मियों को दी जा रही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी…कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं 

सरकारी अनाज का हिसाब हजारों क्विंटल में गायब हो जाए, गोदाम की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो, कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो और इसके बावजूद संबंधित लोगों की प्रशासनिक भूमिका तथा जिला परिषद में वर्षों से जारी प्रतिनियुक्ति व्यवस्था पर सवाल उठते रहें, तो सवाल सिर्फ गड़बड़ी का नहीं, बल्कि जवाबदेही और संरक्षण का भी बनता है। पलामू जिला परिषद की कार्यप्रणाली इन दिनों ऐसे ही गंभीर आरोपों के घेरे में है। मामला तब और भी गंभीर हो जाता है जब राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश को पलामू जिला परिषद के पदाधिकारियों के द्वारा ठेंगा दिखाने का खुलासा हो जाए। कृषि विभाग के सचिव अबुबक्कर सिद्दीख पी. ने 7 फरवरी 2025 को पत्रांक-232 जारी कर सभी उपायुक्तों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि जनसेवकों से कृषि विभाग से संबंधित कार्य ही लिए जाएं। इस पत्र में स्पष्ट लिखा है कि माननीय मुख्यमंत्री झारखंड सरकार के द्वारा निर्देशित किया जा चुका है कि जनसेवकों को केवल कृषि संबंधी कार्य में ही लगाया जाए लेकिन जनसेवकों को नाजीर तक बना कर काम कराया गया। अनाज घोटाले के आरोपियों ने उन महत्वपूर्ण गैर कृषि कार्यों में योगदान दिया जहां करोड़ों रुपयों का लेन देन होता है। आखिर इस पूरी साजिश के पीछे कौन मास्टर माइंड बुना हुआ था।

बैरिया स्थित झारखंड राज्य खाद्य निगम (SFC) के गोदाम में 12,795.77 क्विंटल चावल और गेहूं का हिसाब नहीं मिलने का मामला पहले ही जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर चुका है। पूर्व एजीएम इंदेश प्रजापति, वर्तमान एजीएम नकुल कुमार मेहता और कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र प्रसाद गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। लेकिन अब सवाल यह है कि इतने बड़े खाद्यान्न विवाद के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही की व्यापक समीक्षा हुई या नहीं? क्या कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित है या जिम्मेदारियों और पदस्थापन की भी जांच होगी?

झारखंड डिजिटल की पड़ताल में जिला परिषद में जनसेवकों की प्रतिनियुक्ति, पदस्थापन और महत्वपूर्ण कार्यालयी जिम्मेदारियों को लेकर कई शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि विभागीय आदेशों के बावजूद कुछ जनसेवक वर्षों से जिला परिषद में गैर-कृषि कार्यों में बने हुए हैं। किसी को नाजीर का प्रभार मिला हुआ है, तो किसी की प्रतिनियुक्ति लंबे समय से जारी है। शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में बदलाव नहीं होने से प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।

12,795 क्विंटल अनाज का हिसाब नहीं, फिर भी जवाबदेही का पूरा हिसाब कहां?

बैरिया एसएफसी गोदाम में सामने आई खाद्यान्न की गड़बड़ी इस पूरे विवाद का सबसे गंभीर पहलू है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गोदाम में कुल 12,795.77 क्विंटल चावल और गेहूं का हिसाब नहीं मिला। इस मामले में पूर्व एजीएम इंदेश प्रजापति के कार्यकाल के दौरान 3,756.55 क्विंटल खाद्यान्न की कमी सामने आने की बात कही गई है।

इंदेश प्रजापति 6 फरवरी 2019 से 18 मार्च 2023 तक गोदाम के प्रभारी रहे थे। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है। वर्तमान एजीएम नकुल कुमार मेहता और कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र प्रसाद गुप्ता के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है।

लेकिन बड़ा सवाल यह है कि हजारों क्विंटल सरकारी अनाज के हिसाब में गड़बड़ी सामने आने के बाद क्या पूरे मामले की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया पूरी हुई? क्या गोदाम के संचालन, स्टॉक रजिस्टर, वितरण रिकॉर्ड और डिजिटल एंट्री की पूरी जांच हुई? और जिन अधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका जांच के दायरे में आई, उनके अन्य प्रशासनिक दायित्वों की समीक्षा क्यों नहीं होनी चाहिए?

अनाज घोटाले का आरोपी वर्षों तक रहा जिला परिषद में नाजीर..कार्यकाल के जांच की उठने लगी मांग

शिकायत में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इंदेश प्रजापति जनवरी 2023 से जिला परिषद में जनसेवक के रूप में नाजीर का प्रभार संभाल रहे हैं।

यहां सवाल किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने का नहीं, बल्कि प्रशासनिक पारदर्शिता का है। एक ओर उनके पूर्व कार्यकाल से जुड़े खाद्यान्न की कमी का मामला जांच के दायरे में है, दूसरी ओर जिला परिषद में उनकी जिम्मेदारी और प्रतिनियुक्ति को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं।

ऐसे में जिला प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि संबंधित पदस्थापन और प्रभार किस आदेश के तहत दिए गए? क्या खाद्यान्न मामले में कार्रवाई के बाद उनके अन्य दायित्वों की समीक्षा की गई? क्या जिला परिषद में महत्वपूर्ण वित्तीय और प्रशासनिक जिम्मेदारियां सौंपने के लिए निर्धारित नियमों का पालन हुआ?

जब सरकारी अनाज के हिसाब में हजारों क्विंटल की कमी का मामला सामने आ चुका है, तो संबंधित प्रशासनिक जिम्मेदारियों की जांच से परहेज क्यों?

कृषि सचिव का आदेश 7 फरवरी 2025 का, पलामू में आदेश दाबकर बैठ गए पदाधिकारी

इस पूरे विवाद का दूसरा बड़ा पहलू कृषि विभाग के सचिव अबुबक्कर सिद्दीख पी. का आदेश है। सचिव ने 7 फरवरी 2025 को पत्रांक-232 जारी कर सभी उपायुक्तों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि जनसेवकों से कृषि विभाग से संबंधित कार्य ही लिए जाएं।

आदेश के पीछे विभाग की दलील भी स्पष्ट थी। कृषि विभाग में मानव बल की कमी है और जनसेवक ग्रामीण स्तर पर कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन, निगरानी और किसानों को मार्गदर्शन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसके बावजूद जनसेवकों को गैर-कृषि कार्यों में प्रतिनियुक्त किए जाने पर विभाग ने आपत्ति जताई थी। निर्देश दिया गया था कि सभी प्रखंडों में जनसेवकों को कृषि योजनाओं के प्रचार-प्रसार, निगरानी और क्रियान्वयन में लगाया जाए।

अब सवाल पलामू जिला प्रशासन से है। जब विभागीय सचिव का आदेश स्पष्ट है, तो जिला परिषद में जनसेवकों की लंबे समय से चली आ रही प्रतिनियुक्ति किस आधार पर जारी है? क्या उपायुक्त कार्यालय ने इस आदेश के अनुपालन की समीक्षा की? अगर आदेश का पालन नहीं हो रहा है, तो जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब क्यों नहीं मांगा गया?

जनसेवकों के पदस्थापन में कथित मनमानी, किसके इशारे पर बदलती है तैनाती?

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि जिला परिषद में कुछ जनसेवक स्थापना से जुड़े मामलों में प्रभाव रखते हैं। आरोप यह भी है कि अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर दूसरे जनसेवकों का पदस्थापन और प्रतिनियुक्ति मनमाने तरीके से कराए जाने की कोशिश होती है।

कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों के अनुसार काम नहीं करने वाले जनसेवकों को दूर-दराज के प्रखंडों में भेजकर परेशान किया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और जांच आवश्यक है।

यदि शिकायतों में सच्चाई है, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल होगा। पदस्थापन और प्रतिनियुक्ति अधिकारियों के आदेश तथा निर्धारित नियमों के आधार पर होने चाहिए, न कि किसी कर्मचारी के कथित प्रभाव से।

आदेश सरकार का, काम मनमर्जी का? जिला प्रशासन की चुप्पी पर सवाल

पलामू में अब तीन बड़े सवाल एक साथ खड़े हैं। पहला, हजारों क्विंटल खाद्यान्न की कमी के मामले में पूरी जवाबदेही कब तय होगी? दूसरा, कृषि सचिव के स्पष्ट आदेश के बावजूद जनसेवकों की गैर-कृषि कार्यों में प्रतिनियुक्ति क्यों जारी है? और तीसरा, जिला परिषद में पदस्थापन एवं महत्वपूर्ण प्रभार आवंटित करने की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कब होगी?

जिला प्रशासन को शिकायतों पर केवल औपचारिक जवाब देने के बजाय संबंधित आदेशों, प्रतिनियुक्ति पत्रों, कार्य आवंटन और खाद्यान्न घोटाले से जुड़े अभिलेखों की समीक्षा करनी चाहिए।

पलामू जिला परिषद में आखिर किसका आदेश प्रभावी है – विभागीय सचिव का, जिला प्रशासन का या फिर कथित तौर पर प्रभावशाली कर्मियों का? सरकारी अनाज की गड़बड़ी से लेकर प्रतिनियुक्ति के विवाद तक उठ रहे सवालों का जवाब अब प्रशासन को देना होगा। सबसे बड़ा सवाल यही है कि अनाज घोटाले में कार्रवाई के दायरे में आए लोगों की प्रशासनिक जिम्मेदारियों और कथित संरक्षण के आरोपों की निष्पक्ष जांच कब होगी?

Share.
Next Story
कोयले की चोरी रोकने के लिए CISF का बड़ा अभियान, रोहिणी के जंगल में मिला अवैध खनन का सामान
Exit mobile version