झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एल खियांगते की जमानत याचिका पर गुरुवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जहां उन्हें फिलहाल राहत नहीं मिली है। अदालत ने इस दौरान राज्य सरकार की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई और सरकार को 9 दिसंबर तक विस्तृत जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी।
जवाब दाखिल करने में तेजी पर हाईकोर्ट की आपत्तिः
सुनवाई के दौरान अदालत ने सरकारी वकील से कड़े सवाल किए और जानना चाहा कि इस मामले में इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई गई। अदालत ने आपत्ति जताई कि आमतौर पर दूसरे मामलों में निर्देश मिलने के बाद जवाब दिया जाता है, लेकिन इस मामले में बिना मांगे और बिना निर्देश के काउंटर एफिडेविट दाखिल किया गया, जिसकी गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं थी।
वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल कुमार ने रखी पैरवीः
याचिकाकर्ता एल खियांगते की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल कुमार ने पक्ष रखा। उन्होंने अदालत से पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष को जमानत देने का आग्रह किया। अपनी दलीलों के समर्थन में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के कई अहम फैसलों और कानूनी बिंदुओं का हवाला दिया, जिन पर अब राज्य सरकार को अपना स्पष्ट पक्ष रखना होगा।
नौ दिसंबर तक विस्तृत जवाब देने का निर्देशः
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने राज्य सरकार को याचिकाकर्ता द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। इसके लिए सरकार को नौ दिसंबर तक का समय दिया गया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी, जिस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
