Thursday, November 26
 -जल्द रिलीज होगी शहीद अल्बर्ट एक्का पर बनी फिल्म ‘परमवीर’

-आईपीआरडी प्रतिनिधियों ने नामी फिल्म निर्माताओं से की मुलाकात, राज्य की फिल्म नीति और खूबसूरत लोकेशनों को वैश्विक पहचान दिलाने पर हुई चर्चा

झारखंड को फिल्म निर्माण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य सरकार ने अपनी कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) के प्रतिनिधियों ने सुप्रसिद्ध फिल्म निर्देशक और निर्माता आशुतोष गोवारिकर से विशेष मुलाकात की। इस बैठक में झारखंड फिल्म नीति, झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की कार्यप्रणाली और राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, झारखंड की मनमोहक लोकेशनों और पर्यटन स्थलों को सिनेमा के माध्यम से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की संभावनाओं पर भी मंथन किया गया।

दक्षिण भारतीय फिल्ममेकरों का भी बढ़ा रुझान झारखंड की फिल्म नीति ने न केवल बॉलीवुड बल्कि दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग को भी आकर्षित किया है। हैदराबाद के जाने-माने फिल्ममेकर, लेखक और निर्देशक राज ने राज्य में शूटिंग की अपार संभावनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि झारखंड के प्राकृतिक सौंदर्य को फिल्मों के जरिए दुनिया के सामने लाया जा सकता है, जिसके लिए वे सरकार के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं।

शहीद अल्बर्ट एक्का पर बनी फिल्म ‘परमवीर’ रिलीज को तैयार दूसरी ओर, झारखंड के वीर सपूत और परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का के जीवन पर आधारित फिल्म ‘परमवीर’ जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म के निर्माता सागर गौड़ा ने बताया कि शूटिंग के दौरान गुमला जिले के जारी गांव सहित पूरे प्रदेश के लोगों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फिल्म को टैक्स फ्री करने का आग्रह किया है, ताकि शहीद के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान की गाथा जन-जन तक पहुंच सके। उन्होंने राज्यवासियों से भी सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखने की अपील की है।

Share.
Next Story
विश्वविद्यालयों को नैतिक मूल्यों और स्वयं विचार करने की क्षमता को प्रोत्साहित करना चाहिएः मुख्य न्यायाधीश
Exit mobile version