Wednesday, November 11
पलामू: झारखंड में 10 लाख रुपये के इनामी माओवादी जोनल कमांडर संजय यादव को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया गया है। बिहार में भी उस पर 3 लाख रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद पलामू पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के केमो-दुधिया जंगल में छापेमारी कर हथियारों का जखीरा बरामद किया है। जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई एक स्वचालित SLR राइफल, 290 जिंदा कारतूस और हथियारों से जुड़े कई अन्य सामान मिले हैं। पुलिस के अनुसार, संजय यादव के खिलाफ झारखंड और बिहार के अलग-अलग जिलों में कुल 63 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित माओवादी संगठन का जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधराम जी महाराष्ट्र के ठाणे में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर महाराष्ट्र एटीएस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। इसके बाद गिरफ्तारी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए पलामू पुलिस की टीम महाराष्ट्र भेजी गई।

6 नवंबर 2026 को छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार और हरिहरगंज थाना के पुलिस अवर निरीक्षक कुमार सौरभ महाराष्ट्र पहुंचे। टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए संजय यादव को विधिवत गिरफ्तार किया। छतरपुर थाना कांड संख्या 166/23 में 7 नवंबर को न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे पलामू लाया गया। 9 नवंबर को पलामू न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रिमांड के दौरान पूछताछ में मिला हथियारों का सुराग

संजय यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे माओवादी गतिविधियों और संगठन के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की। 10 नवंबर को पिपरा थाना कांड संख्या 28/20 में पुलिस रिमांड के दौरान उसके स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही पर हुसैनाबाद के केमो-दुधिया जंगल में छापेमारी की गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए हथियार और गोला-बारूद बरामद किए।

बरामद हथियारों में एक 7.62 एमएम स्वचालित SLR राइफल शामिल है। इसके अलावा 7.62 एमएम के 140 और .303 एमएम के 150 जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस ने SLR की तीन खाली मैगजीन, एक राइफल का बट, एक मैगजीन पाउच, एक फोर साइट, गोली रखने वाले चार्जर, एम-सील, सीलिंग, दो टीन के केन और एक सफेद रंग का केसिंग पाइप भी जब्त किया है।

चार जिलों में दर्ज हैं 63 मामले

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, संजय यादव के खिलाफ पलामू जिले में सबसे अधिक 32 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा गढ़वा में एक, बिहार के औरंगाबाद में 20 और गया में 10 मामले दर्ज हैं। इस तरह झारखंड और बिहार में उसके खिलाफ कुल 63 मामले हैं।

फिलहाल पुलिस माओवादी संगठन के अन्य सहयोगियों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधित माओवादी संगठन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share.
Next Story
 बरहेट में झामुमो को बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता राजा राम मरांडी समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल
Exit mobile version